राम के गंगा पार करने की लीला देखने को उमड़े लोग
राजघाट। हिन्दुस्तान संवाद राजघाट में चल रहा श्री विष्णु महायज्ञ के दौरान रविवार...
राजघाट। हिन्दुस्तान संवाद
राजघाट में चल रहा श्री विष्णु महायज्ञ के दौरान रविवार के दिन राम बनवास प्रसंग पर राम केवट संवाद का मंचन किया गया। कथा व्यास आचार्य बुद्धि सागर के प्रवचन में नगरवासियों की स्थिति व नदी पार करते समय निषादराज की करुणा वर्णन लोगों के दिलों को छू गया। बूधा नदी में गंगा पार की लीला का मंचन देखने के लिए घाट व पुल पर भारी भीड़ लगी रही।
बेलहर थाना क्षेत्र के राजघाट में बाबा मोहकम दास स्थान पर आयोजित विष्णु महायज्ञ कार्यक्रम में काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। रविवार को काफी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं ,बच्चियां और बुजुर्ग प्रवचन सुनने पहुंचे। यहां राम बन गमन का प्रसंग चल रहा था। इस दौरान यहां राम बन गमन की झांकी प्रस्तुत की गई ।श्री विष्णु महायज्ञ कार्यक्रम स्थल के निकट बूधा नदी के तट पर राम केवट संवाद व गंगापार होने की लीला का मंचन किया। केवट के पद पखारने के साथ नाव के माध्यम से राम को गंगा पार करने की लीला देखने काफी संख्या में श्रद्धालु नदी तट व पुल पर जमे रहे। इस दौरान, आचार्य बुद्धि सागर, बाबा बालक दास, राजाराम गौड़, महेश लोधी, सुग्रीव यादव, परसुराम चौरसिया, नागेन्द्र यादव आदि लोग मौजूद रहे।
