Santkabir Nagar News: थानों में अब वादियों की सीधी सुनवाई, बढ़ेगी जवाबदेही
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में मुकदमों की विवेचना की स्थिति जानने के

Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में मुकदमों की विवेचना की स्थिति जानने के लिए पीड़ितों को अब बार-बार थाने और अधिकारियों के दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एसपी संदीप कुमार मीना ने पुलिसिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए जिले में सभी थानों में हर माह के पहले और तीसरे बुधवार को ‘वादी दिवस’ आयोजित करने की नई एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया ) जारी की है। इसमें वादी और विवेचक को आमने-सामने बैठाकर मुकदमे की अद्यतन स्थिति बताने के साथ शिकायतों और सुझावों का समाधान कराया जाएगा। इसका उद्देश्य पुलिसिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ पीड़ितों का भरोसा मजबूत करना है।
वादी दिवस का आयोजन
वैसे तो शासन के निर्देश पर फरियादियों की सुविधा के लिए तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस और थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किए जाते है। वहीं एसपी संदीप कुमार मीना ने वादी मुकदमा की सुविधा के लिए थाने स्तर पर वादी दिवस आयोजित किए जाने का निर्णय लिया है। इससे विवेचना की प्रगति जानने के लिए वादी को अब दर-बदर भटकना नहीं पड़ेगा। एसपी के मुताबिक सभी विवेचनाधीन मुकदमें, लंबित एनसीआर, गुमशुदगी, महिला एवं बाल अपराध तथा अनुशोधित जाति-जनजाति से जुड़े संवेदनशील मामलों के वादियों को वादी दिवस में बुलाया जाएगा। वहीं, थानाध्यक्ष अपने विवेचकों के साथ सूची तैयार करेंगे। जिससे संबंधित वादियों को मंगलवार शाम पांच बजे तक फोन, वाट्सऐप या व्यक्तिगत माध्यम से सूचना देकर समय स्लॉट दिया जाएगा। जबकि, वादी दिवस पर स्वागत अथवा आगंतुक कक्ष में वादी के बैठने, पेयजल और गरिमापूर्ण वातावरण की व्यवस्था रहेगी। विवेचक केस डायरी, अब तक जुटाए गए साक्ष्य और विवेचना की अद्यतन विधिक स्थिति साथ रखेंगे। अधिकारी वादी और विवेचक को आमने-सामने बैठाकर गवाहों के बयान, साक्ष्य और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास समेत विवेचना की प्रगति बताएंगे। इसके अलावा वादी (शिकायतकर्ता) के पास कोई नया साक्ष्य, जैसे सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेज या नया गवाह होने पर उसे प्राप्त कर विवेचना में शामिल किया जाएगा। महिला वादी के संवाद के दौरान महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी अनिवार्य रहेगी। विवेचना से असंतुष्ट वादी की शिकायत पर थानाध्यक्ष और नामित संवाद अधिकारी हस्तक्षेप कर विधिक प्रावधानों के तहत समाधान कराएंगे।
वादी दिवस रजिस्टर
------------------------
दिवस रजिस्टर में दर्ज होगी उपस्थित
प्रत्येक थाने पर ‘वादी दिवस रजिस्टर’ बनाया जाएगा। इसमें वादी की समस्या, मुकदमे का विवरण, विवेचक का नाम, निराकरण, संतुष्टि स्तर, दोनों की उपस्थिति और वादी के हस्ताक्षर दर्ज होंगे। आयोजन के बाद समेकित रिपोर्ट अगले दिन सुबह 10 बजे तक पुलिस कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी।
अधिकारी नामित
------------------------------------
पांच थानों के लिए अलग-अलग अधिकारी नामित
पहले बुधवार को मेंहदावल और खलीलाबाद में एएसपी, दुधारा में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद, महुली में क्षेत्राधिकारी धनघटा और बखिरा में क्षेत्राधिकारी मेंहदावल संवाद अधिकारी होंगे। पुलिस कार्यालय की जनसुनवाई के लिए क्षेत्राधिकारी यातायात नामित रहेंगे। तीसरे बुधवार को धनघटा में सीओ धनघटा, बेलहरकला में सीओ यातायात, धर्मसिंहवा में सीओ मेंहदावल, जबकि खलीलाबाद में एएसपी, पुलिस कार्यालय जनसुनवाई में सीओ खलीलाबाद की जिम्मेदारी होगी।

