
उस्का में नहीं अब खटौली में बनेगा मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय
Santkabir-nagar News - हिन्दुस्तान टीम, संतकबीरनगर। खलीलाबाद तहसील के उस्का खुर्द में बनने वाला मुख्यमंत्री मॉडल
हिन्दुस्तान टीम, संतकबीरनगर। खलीलाबाद तहसील के उस्का खुर्द में बनने वाला मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय अब खटौली में बनेगा। पूर्व में उस्का खुर्द में आवंटित भूमि में विवाद होने के कारण डीएम ने नई भूमि का आवंटन कर दिया है। जिलाधिकारी ने जमीन आवंटित करते हुए उसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा है। नया भवन अब खटौली में स्थित डीएम आवास के सामने बनेगा। डीएम आवास के सामने स्थित बायो डायवर्सिटी पार्क के पीछे इसके लिए जमीन चिन्हित की गई है। शहर के उस्का खुर्द में वन देवी मंदिर से सटे प्रशासन ने पूर्व में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए 10 एकड़ सरकारी भूमि को आवंटित किया था।

भूमि आवंटन के साथ ही शासन को प्रास्ताव भेजा गया। शासन से इसे मंजूरी मिल गई। विद्यालय का निर्माण 24.38 करोड़ से होना है। शासन ने इसके लिए कार्यदाई संस्था को 12 करोड़ की धनराशि भी उपलब्ध करा दिया। कार्यदाई संस्था ने टेंडर सहित सभी जरूरी प्रक्रिया को पूरी कराया तो वहीं 26 मई जिले के तामेश्वरनाथ धाम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस विद्यालय का बकायदा शिलान्यास भी कर दिया। शिलान्यास होने के बाद उम्मीद थी कि अब जल्द से जल्द काम शुरू हो जाएगा। लेकिन जब ठेकेदार ने कार्य कराने के लिए भूमि के चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू कराई तो दर्जनों लोग विरोध पर उतर गए। तमाम लोगों ने आवंटित भूमि को अपना बताते हुए दावा पेश कर दिया। इसके बाद मामला प्रशासन के पास पहुंचा। तहसील की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पूरी जांच की। जांच में कुछ लोग अवैध कब्जेदार मिले तो कुछ लोगों के द्वारा गलत तरीके से पट्टा करा लिए जाने का भी मामला सामने आया। तहसील प्रशासन ने अभिलेखीय जांच के साथ ही त्रुटियां सामने आईं। विवादों को देखते हुए डीएम ने भूमि को ही परिवर्तित कर दिया है। जिलाधिकरी ने अपने आवास के सामने नई भूमि का आवंटन किया है। इसका प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। जल्द ही भूमि का परिवर्तन होते ही कार्य शुरू हो जाएगा। कंपोजिट विद्यालय में ये सुविधाएं होंगी मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में स्मार्ट क्लास के साथ रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग सेंटर, मॉड्यूलर लैब आदि की सुविधा होगी। विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य, शिक्षक संवर्ग व कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे। खेल का विशाल मैदान होगा और ओपन जिम के साथ मल्टीपल एक्टिविटी हॉल, सोलर पैनल, वर्षा जल संचयन इकाई की स्थापना, वाटर प्लांट, मध्याह्न भोजन, किचन, डायनिंग हॉल, वाशिंग एरिया, हैंडवाशिंग यूनिट होगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी। यहां पर कक्षा एक से 12वीं तक की पढ़ाई होगी। मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के लिए नवीन भूमि का आवंटन कर दिया गया है। पूर्व में आवंटित भूमि में विवाद था, इस कारण नई जमीन दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। आलोक कुमार, डीएम संतकबीरनगर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


