Santkabir Nagar News: ईटीसी सेंटरों का दुरुस्त हो रहा है कील कांटा
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले में जुलाई माह में दस्तक अभियान शुरू हुआ है, जिसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री घर-घर जा रही हैं। यह अभियान मच्छर जनित बुखार के मरीजों का डाटा तैयार कर रहा है। मरीजों को नजदीकी ईटीसी सेंटर पर इलाज के लिए भेजा जा रहा है और बुखार के लक्षण पहचानने के लिए आशाओं को प्रशिक्षित किया गया है।
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में जुलाई माह में दस्तक अभियान का संचालन शुरू हो गया है। 11 जुलाई से 31 जुलाई तक अभियान को संचालित किया जा रहा है। इस अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री घर-घर जा रही हैं और मच्छर जनित बीमारियों का पूरा डाटा तैयार कर रही हैं। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान में किन कारणों से बुखार आ रहा है इसको भी सूचीबद्ध किया जाएगा और संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक के पास इलाज के लिए रेफर कर दिया जाएगा। बुखार के मरीजों को भर्ती करने केलिए ईटीसी सेंटरों का कील कांटा दुरुस्त किया गया है।
इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी नियमित रूप से अस्पतालों का जायजा ले रहे हैं। अभियान में आशाएं घर घर जा रही हैं। प्रत्येक व्यक्ति का डाटा तैयार कर रही हैं। घर में बुखार के मरीजों का विशेष कर डाटा तैयार किया जा रहा है। मरीजों को इलाज के लिए निकट के अस्पताल ईटीसी सेंटर पर इलाज के लिए भेज रही है। ईटीसी सेंटर पर मरीजों के रक्तजांच से लेकर इलाज तक की मुकम्मल व्यवस्था है। इसके अलावा आशाओं को फाइलेरिया, कुष्ठ, टीबी और एनिमल बाइट्स का भी डाटा तैयार कर रही हैं। आशाएं लोगों को डेंगू के बारे में बचने की नसीहत दे रही हैं। लोगों को अपने घरों के आसपास पानी नहीं जमा होने देने की नसीहत दे रही हैं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सोहन गुप्त ने बताया कि आशाओं को इस बारे में प्रशिक्षित किया गया है कि वह बुखार के लक्षण के अधार पर मरीजों को चिन्हित कर लेंगी वह इलाज के लिए निकट के ईटीसी सेंटर पर रेफर करेंगी। उन्होंने बताया कि सभी ईटीसी सेंटर की सारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर ली गई हैं।


