Hindi NewsUttar-pradesh NewsSantkabir-nagar NewsMissing Radiographer in Santkabirnagar Police Launch Search After Disappearance
दिल्ली से चला रेडियोग्राफर लापता, ढूंढ़ने की गुहार

दिल्ली से चला रेडियोग्राफर लापता, ढूंढ़ने की गुहार

संक्षेप:

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में 25 वर्षीय रेडियोग्राफर रजत पांडेय लापता हो गए हैं। वे दिल्ली से प्राइवेट बस से घर लौट रहे थे, लेकिन नौसढ़ में बस से उतरने के बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। एसपी ने जांच के लिए पुलिस टीम को निर्देशित किया।

Feb 10, 2026 02:34 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share Share
Follow Us on

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। दिल्ली से प्राइवेट बस से घर के लिए चला जिले के धनघटा क्षेत्र का रहने वाला रेडियोग्राफर लापता हो गया। 24 घंटे पहले परिजनों से फोन पर उसकी बातचीत हुई तो उसने खुद को नौसढ़ में बस से उतरने की जानकारी दी थी। उसके बाद मोबाइल बंद हो गया और परिजन ढूंढ़ कर थक गए और कुछ पता नहीं चला। सोमवार को पुलिस कार्यालय पहुंच कर परिजन एसपी से मिले और लापता रेडियोग्राफर को ढूंढ़ने की गुहार लगाई। धनघटा थाना क्षेत्र के गोपीपुर के रहने 25 वर्षीय रजत पांडेय पुत्र सतीश पांडेय दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में रेडियोग्राफर पद पर कार्यरत हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वे सात फरवरी को रात नौ बजे दिल्ली से प्राइवेट बस से घर के लिए चले, लेकिन अभी तक घर नहीं पहुंचे। पीड़ित बहन डॉक्टर ख्याति पांडेय और सेमरा बाईपास खलीलाबाद के रहने वाले मामा सुशील कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 08 फरवरी को डेढ़ बजे दिन में रजत पांडेय से फोन पर बातचीत हुई तो उन्होंने बताया कि बस वाले ने खलीलाबाद में न उतार कर उन्हें नौसढ़ में बस से उतारा। उसके बाद रजत की मोबाइल बंद हो गई और उससे संपर्क टूट गया। जब उक्त बस वाले से संपर्क किया गया तो उसने रजत को खलीलाबाद में बस से उतारने की जानकारी दी। रजत को मामा के घर सेमरा बाईपास पहले जाना था, जो अब तक नहीं पहुंचे। मोबाइल बंद होने से संपर्क टूट गया। पीड़ित नाना सूर्य प्रकाश त्रिपाठी तो फफक कर रो पड़े और रजत को ढूंढ़ने की मांग कर रहे थे। एसपी संदीप कुमार मीना ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस टीम और कोतवाली पुलिस को निर्देश दिया कि लापता युवक का लोकेशन पता करें और ढूंढ़ें। सोमवार को दोपहर में रजत की मोबाइल का आखिरी लोकेशन गोरखपुर सिविल लाइंस एरिया के पास मिलना बताया गया। उसके बाद से मोबाइल स्विच ऑफ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।