
वेतन, बोनस व मंहगाई भत्ते का समय से नहीं हो रहा है भुगतान
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनरायन गुट की बैठक हुई। बैठक में वेतन, बोनस और महंगाई भत्ते के समय पर भुगतान न होने की समस्या उठाई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलने का निर्णय लिया गया और संगठन को मजबूत करने के लिए विद्यालयों का दौरा करने की योजना बनाई गई।
संतकबीरनगर, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनरायन गुट की बैठक मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महेश राम व संचालन जिला मंत्री गिरिजानंद यादव ने किया। प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने कहा कि वेतन, बोनस व मंहगाई भत्ते का समय से भुगतान नहीं हो रहा है। छह माह से अधिक समय हो गया है एनपीएस अपडेट नहीं किया गया है। शिक्षक समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलेगा। जिलाध्यक्ष महेश राम ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार अनेक विद्यालय समय से वेतन बिल, डीए बिल व महंगाई भत्ते का बिल भुगतान हेतु प्रस्तुत नहीं कर रहे हैं।

जिसके कारण कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समय से भुगतान संबंधी बिल जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध करा दे। प्रह्लाद राय बालिका इंटर कॉलेज की लीला बरनवाल व हरिहरपुर इंटर कॉलेज के दीप्तिमान के सामूहिक जीवन बीमा का भुगतान नहीं हो रहा है। जिला मंत्री गिरिजानंद यादव ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए तीनों तहसीलों के विद्यालयों में भ्रमण किया जाएगा। धनघटा तहसील में संगठन की जल्दी ही बैठक आयोजित होगी। शिक्षक निर्वाचन के लिए 1300 से अधिक मतदाताओं की सूची तैयार की गई है। इस दौरान अब्दुल मुदस्सर खान, जय प्रकाश, विजय कुमार यादव, महेश्वर सिंह, मुकेश शुक्ला, कलीमुल्लाह, अकील, नदीम अहमद खान, धर्मेंद्र, अब्दुल हक, ताहिर, अभय शंकर, मोईज, काजी साकिब रहमान सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




