तेज हवा में भड़की आग, 50 बीघा गेहूं जलकर राख

Newswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share

Santkabir-nagar News - मेंहदावल ब्लाक के डंड़िया, नटवा सीवान में शुक्रवार को तेज हवा के बीच गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। आग ने 50 बीघा फसल को जलाकर राख कर दिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। प्रभावित किसान मुआवजे की मांग कर रहे हैं। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।

तेज हवा में भड़की आग, 50 बीघा गेहूं जलकर राख

मेंहदावल, हिन्दुस्तान संवाद। मेंहदावल ब्लाक के डंड़िया, नटवा सीवान में शुक्रवार की दोपहर तेज हवा के बीच अज्ञात कारणों से गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 50 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसानों का भारी नुकसान हो चुका था।दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच एक खेत में अचानक आग लग गई। उस समय तेज हवा चल रही थी, जिसने आग को विकराल रूप दे दिया।

लपटें तेजी से फैलती हुई आसपास के कई खेतों तक पहुंच गईं और कुछ ही समय में बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग बाल्टी और पानी के सहारे आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तेज हवा के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह को दी, जिसके बाद पुलिस के माध्यम से फायर सर्विस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक उमा माहेश्वर, दुर्गेश पांडेय, रामकेश यादव, मोती साहनी, बाबूराम, रामदरश, लालजी यादव, राधेश्याम और राम अचल समेत कई किसानों की गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से किसानों में मायूसी छा गई है। महीनों की मेहनत से तैयार फसल के जल जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस बारे में बात करने पर एसडीएम संजीव कुमार राय ने बताया कि राजस्वकर्मियों को भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। प्रभावित किसानों को हर संभव मदद दिलवाया जाएगा।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।