मेंहदावल में कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार
संतकबीरनगर में, मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत 50 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। विधायक अनिल त्रिपाठी ने इस संबंध में पत्र लिखा है। इसका उद्देश्य गांवों की कनेक्टिविटी सुधारना और क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाना है।

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जनपद में मेंहदावल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत नवनिर्माण योजना के तहत 50 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस संबंध में विधायक अनिल त्रिपाठी ने एक्सईएन लोक निर्माण विभाग आधिकारिक पत्र प्रेषित किया है। प्रस्तावित सड़कों का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ना और क्षेत्र के विकास को गति देना है। प्रमुख संपर्क मार्गों में गगनई राव से बौधरा बाबा मार्ग (3. 25 किमी), ग्राम करौंदा से गोरखपुर बार्डर (3.00 किमी) तथा बनगावां संपर्क मार्ग (2.80 किमी) जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
जनहित को ध्यान में रखते हुए कौवाठोर भरवलिया मिश्र से ददरा मार्ग (2.50 किमी), धर्मसिंहवा अतरी मार्ग से नहर की पटरी (2.50 किमी) और नारायणपुर सरयू नहर से कौलपुर मार्ग (2.00 किमी) को भी प्रस्ताव में शामिल किया गया है। इसके अलावा शिक्षा एवं आस्था केंद्रों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भठवा प्राथमिक विद्यालय से दमका पुरवा, महदेवा नानकार पेट्रोल पंप से राजकीय कन्या इंटर कालेज पटना खास तथा विभिन्न शिव मंदिरों और श्मशान घाटों तक जाने वाले मार्गों को प्राथमिकता दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने के लिए लोहरौली, झलवा, सोनौरा, टंड़वरिया, घूरापाली, कुशहरा, देउरा, मंझरिया, पुर्ना, परसा पाण्डेय, मीरापुर, दुल्हिपार, डिघवा सहित 40 से अधिक गांवों के संपर्क मार्गों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव रखा गया है। विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्र का कोई भी गांव मुख्य धारा से कटा न रहे, यह उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और किसानों, छात्रों व व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है कि प्रस्तावित मार्गों का शीघ्र आगणन तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


