संतकबीर नगर में एक माह के बच्चे का अपहरण, सनसनी
Santkabir-nagar News - नरायनपुर से बाजार कर बच्चे को लेकर घर लौट थी महिला जंगल में महिला

संतकबीरनगर। निज संवाददाता बेलहर थाना क्षेत्र स्थित जंगल बेलहर में रविवार को एक माह के मासूम बच्चे का अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मां ने आशंका जताई है कि अपहर्ता उसके बच्चे की हत्या कर देंगे। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात पुरुष और महिला के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ने बच्चे की बरामदगी के लिए पांच टीमें लगा दी हैं। बेलहर कला क्षेत्र स्थित जंगल बेलहर निवासी फूलचंद की पत्नी निरमा देवी अपने एक माह के नवजात को लेकर रविवार को नरायनपुर बाजार करने गई थी। वह देर शाम शाम तकरीबन 5 बजे नरायनपुर से बाजार कर घर जा रही थी।
गांव के समीप बलिकरन के घर के सामने जंगल से होकर वह अपने घर की तरफ आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान एक महिला और एक पुरुष पीछे से पहुंचे। निरमा उन्हें देख नहीं पाई। महिला ने उसकी गोद से एक माह के बच्चे को छीन लिया और दोनों जंगल की तरफ भाग गए। निरमा देवी ने शोर मचाया। उसका शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे लेकिन तब तक दोनों आंखों से ओझल हो चुके थे। लोगों ने काफी तलाश किया लेकिन बच्चे का पता नहीं चला। निरमा देवी रोते-बिलखते प्रधान के घर गई और घटना की जानकारी दी। प्रधान के भाई ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। महिला की आशंका है कि अपहर्ता उसके बच्चे की हत्या कर देंगे। सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह और बेलहर एसओ अनिल कुमार भी मौके पर पहुंच गए और पीड़ित घटना की जानकारी ली। निरमा ने सोमवार को थाने पर तहरीर दी। एसओ ने बताया कि अज्ञात महिला और पुरुष के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है। बच्चे की बरामदगी के लिए सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की भी मदद भी ले रही है। डायल 112 पर बेलहर क्षेत्र में एक महीने के मासूम बच्चे के अपहरण की सूचना मिली। पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस की जांच में अपहरण की घटना सही पाई गई और दो अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। मामले के पर्दाफाश के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही बच्चे को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संदीप कुमार मीना एसपी, संतकबीर नगर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


