सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाते हुए पार्टी को करूंगा मजबूत
संतकबीरनगर। हिन्दुस्तान टीम संतकबीरनगर में खलीलाबाद सीट से विधान सभा चुनाव हारने के बाद...

संतकबीरनगर। हिन्दुस्तान टीम
संतकबीरनगर में खलीलाबाद सीट से विधान सभा चुनाव हारने के बाद सपा प्रत्याशी व सदर सीट से पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे रविवार को पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए। अपने कार्यालय पर पहले समर्थकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं राजनीति जन सेवा के लिए करता हूं, जो अनवरत जारी रहेगा। सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाते हुए पार्टी को पूरे जिले में और मजबूत करने का काम करूंगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव में हार से मेरा सेवा का मिशन नहीं रुकेगा। कार्यकर्ताओं, समर्थकों के साथ ही आम जनता के हित की लड़ाई अनवरत जारी रहेगी। एक दो दिन बाद से ही मैं फिर पहले की तरह की क्षेत्र में निरंतर चलने का काम करुंगा। प्रदेश की भाजपा सरकार और प्रशासन के द्वारा यदि किसी का उत्पीड़न किया जाएगा तो उसकी लड़ाई लड़ने का काम करुंगा। उन्होंने अपनी हार की समीक्षा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी 2012 के चुनाव में खलीलाबाद सीट पर लगभग 27 हजार मत पाई थी। 2017 के चुनाव में करीब 29 हजार मत मिले थे। इस बार के चुनाव में जनता ने पूरा भरोसा जताया और करीब 64 हजार मत प्राप्त हुए हैं। हालांकि पार्टी के बेस वोटर गुमराह होकर दूर हो गए थे। यदि वे दूर नहीं होते तो हार नहीं होती। उनके गुमराह होने का असर खलीलाबाद सीट के साथ ही धनघटा सीट पर भी पड़ा है।
