अब गरीब बेटियां भी होंगी गर्भाशय कैंसर से सुरक्षित
संतकबीरनगर में अब गरीब परिवारों की बालिकाओं को एचपीवी का महंगा टीका निशुल्क मिलेगा। यह टीका गर्भाशय कैंसर से बचाव में मददगार है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक कर रहा है ताकि समय पर टीकाकरण कराया जा सके। इस योजना से गरीब परिवारों की बेटियों के स्वास्थ्य में सुधार होगा।

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में एक समय ऐसा था जब एचपीवी का महंगा टीका केवल संपन्न परिवारों की बेटियों तक ही सीमित था। लेकिन अब गरीब परिवारों की बालिकाओं को भी यह सुरक्षा कवच निशुल्क मिलने जा रहा है। गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को प्रतिदिन एचपीवी टीका लगाया जाएगा। सीएचसी अधीक्षक डा. एस चंद्रा ने बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुख का कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में बेहद कारगर माना जाता है। बाजार में इसकी कीमत करीब दस हजार रुपये तक है। जिसके कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इसे लगवाने में असमर्थ रहते थे। अब सरकार द्वारा इसे निशुल्क उपलब्ध कराए जाने से गरीब परिवारों की बेटियों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य जागरूकता
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि अभिभावक अपनी बेटियों का समय से टीकाकरण कराएं। विशेषज्ञों के अनुसार कम उम्र में लगाया गया यह टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना प्रचार प्रसार करने की जरूरत है। यह पहल बेटियों के स्वास्थ्य व सुरक्षित भविष्य के लिए बड़ा कदम साबित होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक तंगी के कारण लोग अक्सर महंगे इलाज व टीकों से दूर रह जाते हैं। ऐसे में एचपीवी टीकाकरण योजना गरीब परिवारों के लिए उम्मीद बनकर सामने आई है।
टीकाकरण का लाभ
सीएचसी सेमरियावां में प्रतिदिन लग रहे इस टीके से बड़ी संख्या में बालिकाएं लाभान्वित होंगी। सरकार की यह योजना केवल एक टीका नहीं बल्कि बेटियों की जिंदगी की सुरक्षा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार समय पर लगाया गया यह टीका भविष्य में गंभीर बीमारी के खतरे को काफी कम कर सकता है।
एचपीवी टीका लगाने के लाभ
गर्भाशय कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) के खतरे को काफी हद तक कम करता है। महिलाओं में होने वाले एचपीवी संक्रमण से बचाव में मददगार है। कम उम्र में टीका लगने पर शरीर में बेहतर प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। भविष्य में गंभीर बीमारी और महंगे इलाज की जरूरत कम हो सकती है। महिलाओं के स्वास्थ्य को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में सहायक माना जाता है। समय पर टीकाकरण से कैंसर के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह टीका सुरक्षित और प्रभावी माना जाता है। गरीब परिवारों की बालिकाओं को अब निशुल्क सुविधा मिलने से स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत होगी।
गरीब बेटियों की सुरक्षा
सेमरियावां क्षेत्र के कई गरीब परिवारों के लिए एचपीवी टीका किसी सपने से कम नहीं था। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले के लिए दस हजार रुपये का टीका लगवाना उनके बस की बात नहीं थी। अब सरकारी अस्पताल में निशुल्क सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। पहले यह सुविधा केवल अमीर लोगों तक थी, लेकिन अब हर बेटियां भी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकेंगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


