Hindi NewsUttar-pradesh NewsSantkabir-nagar NewsHope Revived for Development Projects in Semariyawan Block Sant Kabir Nagar
सेमरियावां के रुके विकास कार्यों को अब मिलेगी गति

सेमरियावां के रुके विकास कार्यों को अब मिलेगी गति

संक्षेप:

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के सेमरियावां ब्लाक में पिछले साढ़े चार वर्ष से

Dec 08, 2025 10:10 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share Share
Follow Us on

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के सेमरियावां ब्लाक में पिछले साढ़े चार वर्ष से ठप पड़े विकास कार्यों के शुरू होने की उम्मीद अब जग गई है। जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा मांगे गए मार्ग दर्शन पर विशेष सचिव उत्तर प्रदेश शासन राजेश कुमार त्यागी ने छह दिसंबर को पत्र जारी किया है। उन्होंने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि शासन स्तर से कोई भी रोक नहीं लगाई गई है। जिलाधिकारी अपने स्तर से नियमानुसार सेमरियावां के रुके विकास कार्यों को शुरू कराएं। उनका पत्र आने के बाद अब उम्मीद जग गई है कि जल्द ही कार्यकाल के अंतिम समय में विकास कार्यों को गति मिल जाएगी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सेमरियावां ब्लाक में विकास कार्य पिछले साढ़े चार वर्षों से ठप है। राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के और टकराव के कारण विकास नहीं हो पा रहा है। इससे क्षेत्र की जनता के साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों में निराशा है। इस मामले में कई शिकायतें दोनों पक्षों से की गई थीं। पूर्व में एक शिकायत पर ब्लाक प्रमुख मजहरुन्निशा और तत्कालीन बीडीओ विजय कुमार मौर्य के विरुद्ध अनियमितता का आरोप लगा था। इसकी जांच शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी ने कराया। जांच शुरू होने के साथ ही ब्लाक के विकास कार्यों के टेंडर सहित अन्य प्रक्रिया को रोक दिया गया था। जिलाधिकारी जांच आख्या शासन को भेज दिया। उसके बाद डीएम आलोक कुमार ने 04 नवंबर 2025 को एक पत्र शासन को भेजा था। जिसमें उन्होंने निर्देश के अभाव में विकास कार्य अवरुद्ध होने के दृष्टिगत मार्ग दर्शन, दिशा-निर्देश दिए जाने का अनुरोध किया था। इसका संज्ञान लेते हुए विशेष सचिव ने कहा कि 11 सितम्बर 2025 को जारी पत्र में क्षेत्र पंचायत सेमरियावां के विकास कार्य पर कोई रोक नहीं लगाई गई थी। केवल जांच अवधि में कोई ऐसा कार्य न किया जाए जिससे शिकायती पत्र में उल्लिखित तथ्य प्रभावित होते हों, के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि शासन से मुझे यह कहने का निर्देश प्राप्त हुआ है कि आपके द्वारा जांच आख्या भेज दी गई है। ऐसे में क्षेत्र पंचायत सेमरियावां में रुके विकास कार्यों सुचारु रूप से संपादित किए जाने के संबंध में अपने स्तर से नियमानुसार कार्रवाई कराना सुनिश्चित करें। ------------------ नोडल अधिकारी की देखरेख में काम शुरू कराकर मांगी जांच रिपोर्ट विशेष सचिव ने पंचायत राज निदेशक को पत्र जारी करते हुए सेमरियावां के ठप विकास कार्यों को नोडल अधिकारी की देख रेख में तत्काल शुरू कराते हुए एक सप्ताह के भीतर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विशेष सचिव राजेश कुमार त्यागी ने निदेशक पंचायती राज को छह दिसंबर के ही डेट में पत्र जारी किया है। उन्होंने पंचायती राज मंत्री के पत्र का जिक्र करते हुए बताया कि सेमरियावां ब्लाक के विकास कार्यों के लिए राघवेन्द्र कुमार द्विवेदी को विभाग के प्रतिनिधि के तौर पर जनपद में भेजकर उक्त प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में उप निदेशक पंचायती राज विभाग राघवेन्द्र द्विवेदी को विभाग के प्रतिनिधि के तौर पर नामित किया जाता है। ये जनपद में जाकर जिलाधिकारी, सीडीओ, खंड विकास अधिकारी सेमरियावां से समन्वय स्थापित कराते हुए तत्काल अवरुद्ध पड़े विकास कार्यों को शुरू कराएंगे। साथ ही एक सप्ताह के भीतर आख्या शासन को उपलब्ध कराएं।