इंतजार खत्म, बेटियों को मिली राहत, शुरू हुआ प्रवेश

Apr 07, 2026 10:09 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के लोहरसन गांव में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का संचालन शुरू हो गया है। 4.18 करोड़ रुपये की लागत से बने इस विद्यालय में अब एक अप्रैल से प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। वर्षों से लटके रहने के बाद, अब क्षेत्र की छात्राओं को स्थानीय विद्यालय में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

इंतजार खत्म, बेटियों को मिली राहत, शुरू हुआ प्रवेश

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के सांथा विकास खंड के लोहरसन गांव में वर्षों से अधर में लटका राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का संचालन आखिरकार शुरू हो गया है। छह साल से बनकर तैयार इस विद्यालय में एक अप्रैल से नए सत्र में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।लगभग 4 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से वर्ष 2019-20 में निर्मित चार मंजिला विद्यालय भवन अब तक विभागीय औपचारिकताओं के अभाव में शिक्षा विभाग को हैंडओवर नहीं हो रहा था। आवास विकास निगम लिमिटेड, लखनऊ द्वारा बनाए गए इस भवन के खाली पड़े रहने से इसकी उपयोगिता पर लगातार सवाल उठ रहे थे।

विद्यालय के संचालन में देरी के कारण क्षेत्र की छात्राओं को पढ़ाई के लिए दूरदराज के स्कूलों में जाना पड़ता था। इससे उन्हें समय, खर्च और सुरक्षा जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अभिभावकों और ग्रामीणों द्वारा लगातार मांग उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया है।ग्रामीण महेश, हरीश राय, दिनेश मौर्य, झिनकू मौर्य, पूर्व ग्राम प्रधान अहमद सुहेल रहमानी, अवधेश राय, छोटू अंसारी, राजू, दिग्विजय विश्वकर्मा, हरिओम जायसवाल, कुमुद राय आदि ने बताया कि तत्कालीन विधायक राकेश सिंह बघेल के प्रयास से इस विद्यालय का निर्माण हुआ था। शिलान्यास के समय लोगों में काफी उत्साह था, लेकिन वर्षों तक संचालन न होने से निराशा भी बढ़ी। अब हैंडओवर होने के बाद एक अप्रैल से प्रवेश शुरू हो गया है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लोहरसन के प्रधानाचार्य प्रभारी डॉक्टर कफील अहमद ने बताया कि छात्राएं फार्म ले जा रही हैं। प्रवेश शुरू हो गया है एक अप्रैल 2026 से वितरण शुरू हो गया है। उपजिलाधिकारी संजीव कुमार राय ने बताया कि सालों से हैंडओवर होने का कार्य लटका हुआ था। संबंधित विभागों से समन्वय कर विद्यालय को माध्यमिक शिक्षा विभाग को हैंडओवर करा दिया गया है। विद्यालय का संचालन भी शुरू करवा दिया गया है।क्षेत्र में खुशी की लहरग्रामीणों और अभिभावकों में विद्यालय में प्रवेश शुरू होने की खबर से लोहरसन सहित आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि अब उनकी बेटियों को दूर नहीं जाना पड़ेगा और वे सुरक्षित माहौल में अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगी। बेटियों को अब गांव के पास ही बेहतर और सुरक्षित शिक्षा का अवसर मिल सकेगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।