ओटीपी समस्या से उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा सिलेंडर

Apr 07, 2026 09:58 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर जिले में गैस की गंभीर किल्लत बनी हुई है। उपभोक्ताओं को ओटीपी की समस्या के कारण सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। बुकिंग के बाद भी कई दिनों तक गैस प्राप्त करने के लिए लोग परेशान हैं। घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है, और कई उपभोक्ता लकड़ी का सहारा ले रहे हैं।

ओटीपी समस्या से उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा सिलेंडर

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की समस्या का निदान अभी होता नहीं दिख रहा है। ओटीपी समस्या उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में सांसत बना है। गैस होने के बाद भी ओटीपी की दिक्कत के कारण गैस नहीं मिल पा रही है। बुकिंग के बाद 5 से 10 दिनों तक गैस के लिए लोग चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे हैं। हालत यह है कि कामकाजी लोग गैस के लिए घंटों लाइन में लग जरूरी समय बर्बाद कर रहे हैं। डिलीवरी व्यवस्था दुरुस्त न होने से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ी हैं। हालांकि मगहर, महुली व मेंहदावल में होम डिलीवरी से संकट पर नियंत्रण पाने का प्रयास शुरू कर दिया है।

वहीं कामर्शियल सिलेंडर की किल्लत बरकरार है। दुकानदारों, होटल व्यवसायियों व ढाबा संचालकों के लिए संक बना हुआ है।नाथनगर क्षेत्र में रसोई गैस उपभोक्ताओं को इन दिनों ओटीपी की समस्या के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि एजेंसी पर गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने के बावजूद उपभोक्ता उसे प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय उपभोक्ता सुरेमन, मो. करीम, जैनब खातून, प्रेमशीला आदि ने बताया कि गैस बुकिंग करना ही पहले से काफी मुश्किल हो गया है। किसी तरह बुकिंग हो भी जाती है तो डिलीवरी के समय ओटीपी की समस्या सामने आ जाती है। कई बार मोबाइल पर ओटीपी समय पर नहीं पहुंचता या नेटवर्क की दिक्कत के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती। जिससे सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी पर गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन तकनीकी बाधाओं के कारण वे इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।गैस की किल्लत से उपभोक्ता व विद्यालय के शिक्षक परेशानपौली क्षेत्र के उपभोक्ता व परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक सब रसोई गैस की किल्लत से परेशान हैं। जैसे ही सूचना मिली कि भारत गीता गैस एजेंसी पौली में गैस वितरण हो रहा है तो गैस लेने वालों कि भीड़ जमा हो गई। मौजूद उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुसार गैस का वितरण किया गया। वहीं कुछ उपभोक्ताओं को पता चला कि उनकी डिलवरी किसी और को हो गई है। गैस लेने आए हरिवंशपुर, हड़िया माफी, कोहलवा, खेवसिया, शंकरपुर, दीपपुर मठिया, कम्पोजिट विद्यालय तिलकूपुर के प्रभारियों का कहना है कि कनेक्शन के बाद भी गैस नहीं मिल रहा है। गैस एजेंसी मालिक का कहना है कि विद्यालयों के गैस कनेक्शन का मंजूरी आपूर्ति विभाग से न होने से दिक्कतें आ रही हैं। बुकिंग के अनुसार गैस की आपूर्ति की जाती है।मांग के मुकाबले पहुंच रहे काफी कम सिलेंडरबघौली ब्लाक क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत लगातार गहराती जा रही है। गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन समय से सिलेंडर न मिलने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि कई उपभोक्ता 5 से 10 दिनों तक गैस के लिए चक्कर लगाने को मजबूर हैं। गैस संकट के चलते घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। महिलाओं को खाना बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को लकड़ी या चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं कामकाजी लोग गैस के लिए घंटों लाइन में लगकर अपना जरूरी समय बर्बाद कर रहे हैं। एजेंसियों की मानें तो प्रतिदिन सीमित संख्या में ही सिलेंडर की सप्लाई हो पा रही है। जहां पहले रोजाना पर्याप्त डिलीवरी होती थी, वहीं अब मांग के मुकाबले काफी कम सिलेंडर पहुंच रहे हैं। इससे वितरण व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कम सप्लाई के कारण बुकिंग का बैकलॉग लगातार बढ़ता जा रहा है। कई उपभोक्ताओं की बुकिंग एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित पड़ी है। एजेंसियों पर पहले से बुक सिलेंडरों की लंबी सूची होने के कारण नए उपभोक्ताओं को और अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। रामवृक्ष ,मेवाती देवी, मालती निषाद सहित तमाम ग्राहकों का कहना है कि समय पर सिलेंडर न मिलना, बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने की मजबूरी, ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद देरी, डिलीवरी तिथि का स्पष्ट न होना अतिरिक्त खर्च और समय की बर्बादी सहित तमाम समस्याओ का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बघौली क्षेत्र एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऊपर से सप्लाई कम आने के कारण यह स्थिति बनी है। जैसे ही पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध होगी, डिलीवरी व्यवस्था को सामान्य कर दिया जाएगा। गैस संकट ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। यदि जल्द ही सप्लाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो समस्या और गंभीर हो सकती है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है।मजबूरी में लकड़ी का सहारा ले रहे हैं लोगधर्मसिंहवा क्षेत्र में उपभोक्ताओं को गैस की जो समस्या आ रही है उसमें सबसे ज्यादा 45 दिन की बुकिंग है। रुद्र भारत गैस एजेंसी मेंहदूपार के उपभोक्ताओं का कहना है कि सारा काम काज छोड़कर गैस गोदाम पर गैस के लिए पहुंचकर लाईन लगाना पड़ रहा है। जब तक नंबर आता है तब तक गैस खत्म हो जाती है। कुछ लोगों का कहना है कि अगर नम्बर भी आया तो बुकिंग के पहले मिल ही नहीं रहा है। मजबूरी में लकड़ी का सहारा लिया जा रहा है। मेंहदूपार, भुलकी, कसया, जखिनिया, अतरी नानकार आदि गांव के बहुत से उपभोक्ता मेहदावल और बांसी से गैस लाते हैं। पन्द्रह किमी की दूरी तय करके अगर किसी तरह से एजेंसी तक पहुंच जाते हैं तो बुकिंग की समस्या और गैस खत्म होने के कारण वापस आना पड़ता है।कामर्शियल सिलेंडर की किल्लत बरकरार, दुकानदारों की बढ़ी चिंतामेंहदावल कस्बे में स्थित शिवांशु गैस एजेंसी पर घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था में जहां अब सुधार के संकेत मिल रहे हैं, वहीं कमर्शियल सिलेंडर की अनुपलब्धता से व्यापारियों की परेशानी अभी भी कम नहीं हुई है।पिछले कुछ दिनों की तुलना में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को उसी दिन सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही हाकरों द्वारा मोहल्लों में घर-घर गैस डिलेवरी भी शुरू कर दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली है। एजेंसी स्तर पर लंबित ऑर्डर (बैकलॉग) की संख्या भी घटकर लगभग पांच हजार के आसपास रह गई है, जिसे जल्द ही पूरा करने का दावा किया जा रहा है। वहीं कामर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अब भी सुचारु नहीं हो सकी है। चाय, मिठाई और अन्य गैस आधारित कारोबार करने वाले दुकानदारों को सिलेंडर न मिलने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई व्यापारी मजबूरी में अधिक कीमत देकर गैस सिलेंडर खरीदने को विवश हैं, ताकि उनका कारोबार किसी तरह चलता रहे। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जब तक कमर्शियल सिलेंडर की नियमित बुकिंग और आपूर्ति शुरू नहीं होती, तब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाएगी। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है, लेकिन कमर्शियल गैस संकट अभी भी मेंहदावल के व्यापारियों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।