ओटीपी के झंझट से गैस उपभोक्ता परेशान
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर जिले में गैस सिलेंडर की डिलीवरी में समस्याएं बढ़ रही हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में। ओटीपी न मिलने के कारण उपभोक्ताओं और डिलेवरी कर्मचारियों के बीच बहस हो रही है। वहीं, मेंहदावल क्षेत्र में गैस संकट पर नियंत्रण पाया गया है, जिससे सिलेंडर की उपलब्धता में सुधार हुआ है।

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में हॉकर घर-घर सिलेंडर पहुंचाने में लगे हैं। वहीं एजेंसी से भी उपभोक्ता गैस प्राप्त कर रहे हैं। सबसे अधिक समस्या ग्रामीण क्षेत्र में हो रही है। डिलेवरी वाहन गांवों में पहुंच रहे हैं लेकिन उन्हें खाली लौटना पड़ रहा है। ओटीपी न मिलने के कारण उपभोक्ताओं और कर्मचारियों में तीखी बहस भी हो रही है। हालांकि शहर में इस तरह की कोई विशेष समस्या नहीं हो रही है। शहर में बुकिंग के बाद सिलेंडर मिलने में समस्या हो रही है। 10 दिन तक लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे लोग परेशान हैं।
नाथनगर क्षेत्र के गांवों में इन दिनों गैस सिलेंडर की डिलेवरी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी समस्या बन गई है। हॉकर डिलेवरी वाहन लेकर गांव तो पहुंच रहे हैं लेकिन ओटीपी न मिलने के कारण उपभोक्ताओं और डिलेवरी कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति बन जा रही है। नाथनगर क्षेत्र के गैस एजेंसी हरिहरपुर और महुली के उपभोक्ता राहुल, विशाल, संगीता, कुसुम और खैरुन्निशा आदि का कहना है कि पिछले चार दिनों से गैस बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन ओटीपी नहीं मिलने के कारण बुकिंग पूरी नहीं हो पा रही है। वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग करने के बाद 24 घंटे के अंदर ही सिलेंडर डिलीवर का मैसेज मोबाइल पर आ गया। जबकि उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं। उपभोक्ता राजेश और किशोर का कहना है कि उन्होंने गैस बुक कराई थी। लेकिन बिना सिलेंडर मिले ही डिलीवरी का मैसेज आ गया। अब वे एजेंसी के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। जहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। नाम न छापने की शर्त पर एक डिलेवरी वाहन चालक हॉकर ने बताया कि क्षमता के अनुसार सिलेंडर लोड कर गांवों में डिलीवरी के लिए जाते हैं, लेकिन उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में कुछ ही सिलेंडर बांटकर वापस एजेंसी पर लौटना पड़ता है। नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र में स्थित गैस एजेंसी की इस अव्यवस्था से ग्रामीण उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।मेंहदावल क्षेत्र में गैस संकट पर नियंत्रण मिल रहा है। दो ट्रक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई, जिससे उपभोक्ताओं को करीब 1200 से अधिक सिलेंडरों का वितरण किया गया, जिन्हें हॉकरों ने घर-घर पहुंचाकर लोगों को सुविधा प्रदान की। एजेंसी की प्राथमिकता रही कि किसी भी जरूरतमंद परिवार के यहां गैस की कमी न होने पाए। इसके चलते सुबह से ही हॉकर विभिन्न मोहल्लों में सक्रिय रहे और उपभोक्ताओं तक समय पर सिलेंडर पहुंचाते नजर आए। पिछले एक सप्ताह से लगातार दो से तीन ट्रक सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है, जिसका सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। पहले जहां गैस के लिए उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब बुकिंग के बाद तत्काल सिलेंडर उपलब्ध हो जा रहा है। इससे क्षेत्र में गैस संकट काफी हद तक खत्म होता नजर आ रहा है। शिवांशु गैस एजेंसी के संचालक ने बताया कि लगातार आपूर्ति बढ़ने से अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह गैस की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


