पांच साल बाद जेल से छूटा नाटे, रिश्ते के भांजे संग खड़ा किया गैंग
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, शोभित कुमार पांडेय। पुलिस की पकड़ में आया गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र

संतकबीरनगर, शोभित कुमार पांडेय। पुलिस की पकड़ में आया गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला शातिर बदमाश मोहम्मद अहमद उर्फ अली उर्फ नाटे नशे की लत की वजह से जरायम की दुनिया में कदम रखा। दोस्त की हत्या के मामले में पांच साल जेल में रहने के बाद जमानत पर छूट कर बाहर आया और फिर रिश्ते के भांजे मोहम्मद कामिल उर्फ अली के साथ गैंग खड़ा कर लिया। छह महीने के भीतर गोरखपुर से लेकर मुंबई तक अपराध करके 02 से 03 करोड़ रुपये हासिल करने का लक्ष्य बनाया था। पुलिस की पूछताछ में उसने कई चौकाने वाली जानकारी भी दी है।
पुलिस की जांच
एसओ राकेश कुमार सिंह और एसओजी प्रभारी रजनीश राय के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र के सुन्नीपुर निकट गीता प्रेस का रहने वाला शातिर बदमाश मोहम्मद अहमद उर्फ अली उर्फ नाटे पहली बार वर्ष 2010 में आबकारी एक्ट में पकड़ा गया था। वर्ष 2014 में गोरखपुर के साहबगंज के एक गुटखा व्यापारी से 52 हजार रुपये की लूट किया था और जेल गया था। कोविड काल में जेल से छूटा और फिर अपने दोस्तों संग मिलकर अपराध करने लगा। वर्ष 2020 में चोरी के धन के बंटवारे के विवाद में उसने अपने पार्टनर की नशे की हालत में पत्थर से सिर पर तथा ब्लेड से गर्दन पर वार करके हत्या कर दी थी। उसके खिलाफ गोरखनाथ थाने में हत्या कर शव छुपाने का केस दर्ज हुआ था और वह गोरखपुर जेल भेजा गया था। वहां से ट्रांसफर होकर संतकबीरनगर जेल में आया था,जहां से 20 फरवरी 2026 को जेल से जमानत पर छूटा था। उसके बाद रिश्ते के अपने भांजे मोहम्मद कामिल उर्फ अली निवासी सिधारीपुर, गोरखनाथ, गोरखपुर के साथ मिलकर गैंग खड़ा कर लिया। नाटे को बाइक चलाना नहीं आता है,जिसकी वजह से मोहम्मद कामिल बाइक को ड्राईव करता थाा। चुराई गई बाइक से सिर्फ एक बार अपराध करता था और फिर उसे लावारिश छोड देता था। 21 मई की रात गोरखपुर के बांसगांव के करहल के रहने वाले शिक्षक राहुल कुमार मौर्या की बाइक को मोहल्ला जगरनाथपुर,बनकटी चक निकट दुर्गा मंदिर से चुरा लिया था। सीसीटीवी कैमरे लगे होने की वजह से शहरी क्षेत्र में वारदात करने से दोनों बचते थे। जिसकी वजह से ग्रामीण क्षेत्र को वारदात के लिए मुफीद मानते थे। वे कैप पहनकर तथा मुंह ढककर घटना करते थे। जिससे उनकी पहचान न हो सकें। नाटे के खिलाफ गोरखनाथ थाने की पुलिस ने वर्ष 2021 में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी। वर्ष 2023 में इसके खिलाफ कोतवाली गोखपुर में मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। दोनों बदमाश टारगेट बनाए थे कि छह महीने के भीतर 700 किलोमीटर दूरी तक यानि गोरखपुर से मुंबई तक अपराध करके दो से तीन करोड़ रुपये हासिल करते। इनकी गिफ्तारी में सीसीटीवी कैमरा सहायक बना।
आर्थिक तंगी और नशे की लत
पकड़े गए बदमाश नशे के तलब और आर्थिक तंगी की वजह से घूम-घूमकर झपट्टामारी, छिनैती एवं चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते रहते थे। इनकी हिस्ट्रीशीट खोलने के लिए एसएसपी गोरखपुर को पत्राचार करेंगे। इसके साथ ही गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई कराएंगे।
संदीप कुमार मीना,
एसपी
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


