10 करोड़ को ठिकाने को लगाने की फिराक में थे सरगना के 04 सहयोगी

हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
Follow us on Google News
share

संतकबीरनगर में शेयर मार्केट के नाम पर करोड़ों की जालसाजी करने वाले गैंग के चार सहयोगियों ने केस दर्ज होने से पहले और एक माह बाद 16 खातों से लगभग 10 करोड़ रुपये की निकासी की। आरोपियों ने गोरखपुर, संतकबीरनगर और लखनऊ में प्लॉट खरीदे। पुलिस ने संपत्ति की बिक्री पर रोक लगाने की प्रक्रिया शुरू की है।

10 करोड़ को ठिकाने को लगाने की फिराक में थे सरगना के 04 सहयोगी

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में शेयर मार्केट के नाम पर करोड़ों की जालसाजी करने वाले गैंग के सरगना के 04 सहयोगियों ने केस दर्ज होने से पहले और एक माह बाद करीब 16 खातों से लगभग 10 करोड़ रुपये की निकासी कर ली थी। जिसे अब ठिकाने लगाने की फिराक में थे। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है।

पुलिस की जांच

पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्ति की बिक्री और स्थानांतरण पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभाग से संपर्क कर पत्राचार भी किया है। अपराध से अर्जित रकम से सहयोगी आरोपियों ने गोरखपुर, संतकबीरनगर और लखनऊ में 11 से अधिक प्लाट की खरीदारी की है।

मुख्य आरोपी की जानकारी

विवेचक एसआई ललितकांत यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी कुशीनगर के हाटा क्षेत्र के मुंडेरा उपाध्याय का रहने वाला धनन्जय शुक्ला और उसका पार्टनर छत्तीसगढ़ के विलासपुर की रहने वाली आरोपी रजनी प्रजापति 2021 में गोरखपुर के सहजनवा में आए और स्कूलों व फर्मों में घूम-घूम कर साफ्टवेयर बनाने का काम शुरू किए। फिर ट्रेडिंग टीवीएस सलूशन कंपनी और बेवसाइट बनाए, जो पार्टनरशिप में जीएसटी रिटर्न का पंजीकरण कराएं। उस ट्रेडिंग में एआईआईपीएल ऐप से जोड़ दिए। फिर धीरे-धीरे ट्रेडिंग करने के लिए कुछ लोगों को तैयार किया। एआईआईपीएल के माध्यम से वर्चुअल वॉलेट बनाकर 400 से अधिक लोगों से करीब 25 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। विवेचना से प्रकाश में आए गैंग के सरगना धनन्जय शुक्ला के 04 सहयोगी मुकदमे में आरोपी बनाए गए है। इसमें 03 संतकबीरनगर और एक बस्ती का रहने वाला है। इन आरोपियों के खलीलाबाद, सहजनवा में पीएनबी, एचडीएफसी, एसबीआई, केनरा, एक्सिस बैंक समेत कुल 16 बैंक खातों की जानकरी हुई है। अक्तूबर 2025 से पहले और उसके एक माह बाद तक इन सहयोगी आरोपियों ने 16 खातों से करीब 10 करोड़ रुपये की निकासी कर ली है। जबकि खातों में बचे 80 हजार रुपये को डेबिट फ्रीज करा दिया गया है।

संपत्ति की खरीदारी

अपराध से अर्जित धनराशि से संतकबीरनगर के महुली क्षेत्र का रहने वाले एक आरोपी ने गोरखपुर के जिले के सहजनवा में हाईवे पर दो प्लाट जमीन करीब एक करोड़ 80 लाख कीमत की खरीदी है। इसके अलावा गीडा, खजनी, खलीलाबाद और धनघटा में कीमती प्लाट की खरीदारी की है। इसके अतिरिक्त करीब एक करोड़ के जेवरात भी खरीदा है। इसके अलावा अन्य आरोपियों ने भी मकान का जीर्णोद्धार, महंगी गाड़ियां खलीलाबाद, लखनऊ, महुली आदि क्षेत्र में 04-05 प्लाट की खरीदारी की है। ये सभी अपराध से खड़ा किए साम्राज्य को बेचकर या स्थानांतरित कर ठिकाने लगाने की फिराक में थे। ऐसी जानकारी मिलते ही संबंधित सब रजिस्टार से पत्राचार किया गया है। जिससे जमीन अथवा मकान आदि की बिक्री और स्थानांतरण न कर सकें। अपराध से अर्जित इन संपत्तियों को 107 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए कुर्क करा कर पीड़ितों में दिलाने की कवायद शुरू कर दी गई है।

पुलिस की कार्रवाई

एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि मुख्य आरोपी धनंजय शुक्ला व रजनी प्रजापति के लखनऊ स्थित मकान को कुर्क कराने के लिए विवेचक ने कोर्ट से पत्राचार किया है। इसके अलावा 04 अन्य सहयोगी आरोपियों ने भी जालसाजी से करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर ली है। विवेचक की ओर से उस संपत्ति की बिक्री और स्थानांतरण पर रोक लगाने की पहल की जा चुकी है। पुलिस 107 बीएनएस के तहत कुर्क कराकर पीड़ितों को दिलाएगी।

सामान्य प्रश्न

जालसाज़ों ने कितने करोड़ रुपये की निकासी की?
जालसाज़ों ने करीब 10 करोड़ रुपये की निकासी की।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।