डीजल-पेट्रोल की किल्लत बरकरार, पम्पों पर उमड़ रही भीड़
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत जारी है। नाथनगर में तीन पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतें हो रही हैं। शादी-विवाह के सीजन में ईंधन की मांग बढ़ने से समस्या और गंभीर हो गई है। पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई में सुधार की उम्मीद कम है।

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल की किल्लत बरकरार जहां सूचना मिल रही है पम्पों पर भीड़ उमड़ रही है। नाथनगर के महुली क्षेत्र में तीन पम्प ड्राई हो गए। इससे क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल का संकट हो गया है। सभी को तेल उपलब्ध कराने के लिए पंप से सीमित मात्रा में तेल दिया जा रहा है। इससे लम्बी दूरी जाने वाले बाइक सवारों को दिक्कतें हो रही हैं।
मेंहदावल : सूख रहे पंप, कहीं पेट्रोल तो कहीं डीजल नहीं, लोगों की बढ़ी परेशानी
मेंहदावल क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत लगातार गहराती जा रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के चलते एक-एक कर पेट्रोल पंप ड्राई होते जा रहे हैं। कहीं पेट्रोल उपलब्ध है तो डीजल गायब है, और कहीं दोनों ही ईंधन नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे आमजन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नगर के दो प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल दोनों पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। वहीं एक अन्य पंप पर केवल पेट्रोल ही उपलब्ध है, जबकि डीजल पूरी तरह समाप्त हो गया है। बीएमसीटी मार्ग स्थित पंप पर पेट्रोल की बिक्री जारी है, लेकिन डीजल नदारद है। उधर रोडवेज के पास स्थित पेट्रोल पंप पर मंगलवार तक दोनों ईंधन खत्म रहे, जबकि बुधवार को केवल पेट्रोल की आपूर्ति शुरू हो सकी। डीजल उपलब्ध नहीं है, जिससे वहां उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
शादी-विवाह का सीजन और ईंधन की मांग
शादी-विवाह के सीजन ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। बारात, तिलक और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के चलते वाहनों और जनरेटर के लिए ईंधन की मांग अचानक बढ़ गई है। आपूर्ति कम पड़ने से लोग घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं, फिर भी उन्हें जरूरत के मुताबिक पेट्रोल-डीजल नहीं मिल पा रहा है। ईंधन संकट का असर आम जनजीवन पर साफ दिख रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े हो रहे हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। खासकर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पंप संचालकों का कहना है कि डिपो को भुगतान भेजने के बावजूद समय पर आपूर्ति नहीं मिल रही है। जब तक सप्लाई व्यवस्था में सुधार नहीं होता, तब तक हालात सामान्य होने की उम्मीद कम नजर आ रही है।
नाथनगर : महुली क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल का संकट, तीन पम्प हुए ड्राई
महुली क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की किल्लत से आमजन परेशान हैं। क्षेत्र के तीन प्रमुख पेट्रोल पम्प पूरी तरह ड्राई हो चुके हैं। जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सप्लाई बाधित होने के कारण पम्पों पर ईंधन खत्म हो गया है। स्थिति यह है कि बाइक और चार पहिया वाहन चालक पेट्रोल-डीजल के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। कई लोगों को दूर-दराज के पम्पों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसा दोनों की बर्बादी हो रही है। लोगों का कहना है कि अचानक आई इस समस्या से दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। खासकर जरूरी कार्यों और आपात स्थितियों में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


