किसानों के दर्द पर जागा प्रशासन, पशुओं को पकड़ने के निर्देश
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में आवारा पशुओं से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही थीं। हिन्दुस्तान समाचार-पत्र में इस समस्या को उठाने के बाद जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने घुमंतू पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया, हालांकि चुनौतियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन की सक्रियता से किसानों को राहत की उम्मीद है।
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल क्षेत्र में आवारा पशुओं से बर्बाद हो रही किसानों की फसल से उनकी पीड़ा को हिन्दुस्तान समाचार-पत्र में प्रमुखता से उठाया। रविवार के अंक में बेसहारा और घुमंतू पशुओं से त्रस्त हैं किसान शीर्षक से प्रकाशित खबर का जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। खबर छपने के बाद जिलाधिकारी आलोक कुमार ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जिसके क्रम में मेंहदावल विकास खंड की टीम ने बेसहारा व घूमंतू पशुओं को पकड़ने को लेकर अभियान चलाया। डीएम के आदेश के अनुपालन में ग्राम पंचायत अधिकारी शिवम दूबे और ग्राम प्रधान उमेश सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों की एक बड़ी टीम ने सांड़ेकला के पास स्थित बीएमसीटी मार्ग के किनारे डेरा जमाए घुमंतू पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया।
टीम ने घंटों मशक्कत की ताकि इन पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशाला पहुंचाया जा सके और किसानों की फसलों को बचाया जा सके। अभियान के दौरान पशुओं को पकड़ने में टीम को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा और कोशिशों में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल शुरुआत है। ग्राम पंचायत अधिकारी शिवम दूबे ने बताया कि ग्रामीणों को इस मुहिम के बारे में सूचित कर दिया गया है। संसाधन और रणनीति को और मजबूत कर यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक कि क्षेत्र के सभी घुमंतू पशुओं को गौशाला नहीं पहुंचा दिया जाता। हिंदुस्तान की खबर का असर होने और प्रशासन के सक्रिय होने से क्षेत्र के उन किसानों में राहत की उम्मीद जगी है, जो कड़ाके की ठंड में रात-रात भर जागकर अपनी फसलों की रखवाली कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन इसी तरह मुस्तैदी दिखाए, तो जल्द ही उनकी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




