Santkabir Nagar News: कूटरचित दस्तावेज से बेशकीमती भूमि का करा लिया बैनामा, छह पर मुकदमा दर्ज
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के सौरहा गांव में

Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के सौरहा गांव में हाईवे किनारे स्थित बेशकीमती पैतृक भूमि को कथित तौर पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज के जरिए बैनामा कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर मेंहदावल पुलिस ने छह आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस की तहरीर
पुलिस को दी गई तहरीर में पुष्पा चौधरी पत्नी जगरन्नाथ चौधरी ने बताया है कि सौरहा गांव में उनके पति के नाम आराजी नंबर 122 में पैतृक भूमि दर्ज है। आरोप है कि यह जमीन बेशकीमती होने के साथ ही हाईवे के किनारे स्थित है। तहरीर के अनुसार चवरही निवासी नासिर अली पुत्र शब्बीर अहमद, धर्मेंद्र सिंह पुत्र राघव शरण और बखिरा थाना क्षेत्र के राजेडीहा निवासी याद अली पुत्र शौकत अली ने अन्य लोगों के साथ मिलकर भूमि हड़पने की साजिश रची। आरोप है कि साजिश के तहत इलाईची देवी पत्नी स्वर्गीय शोधन और दशरथ पुत्र कन्सू के नाम से फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। इसके बाद इन दस्तावेजों को असली बताकर गत 18 जुलाई 2025 को उप निबंधक कार्यालय मेंहदावल में भूमि का बैनामा कराया गया। तहरीर के अनुसार नासिर अली ने भूमि का बैनामा अपने पिता शब्बीर अहमद पुत्र नबीहसन के नाम कराया। पीड़िता का आरोप है कि बैनामा के दौरान धर्मेंद्र सिंह और याद अली ने दस्तावेजों के फर्जी होने की जानकारी होने के बावजूद गवाही दी।
आरोपियों की पहचान
तहरीर में नासिर अली को कथित गिरोह का सरगना बताते हुए अन्य आरोपियों पर भी जमीन संबंधी धोखाधड़ी में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बैनामा से संबंधित दस्तावेजों की जांच और आरोपितों व संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

