
विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, निज संवाददाता। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक
संतकबीरनगर, निज संवाददाता। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर गुरुवार को विकास कार्यों, निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड की प्रगति रिपोर्ट में खराब श्रेणी प्रदर्शित करने वाले इंडीकेटर में रहने वाले विभाग व कार्यों से संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि कार्यों, योजनाओं में गुणात्मक प्रगति लाते हुए बेहतर परफॉर्मेंस बनाए रखें।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति के संबंध में जनपद के वेंडर्स से योजना से आच्छादित किए गए लाभार्थियों की संख्या एवं प्रगति पर जानकारी प्राप्त की। कहा कि वेंडर्स एवं विद्युत विभाग आपसी समन्वयता के साथ अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन कराते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लाभान्वित करें। उन्होंने अपेक्षाकृत प्रगति धीमी पाए जाने पर प्रगति लाने के निर्देश के साथ-साथ जनपद स्तर पर वेंडर्स की उपस्थिति में आवश्यकतानुसार कैंप का भी आयोजन कराने हेतु निर्देशित किया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सीएम डैशबोर्ड की प्रगति रिपोर्ट में खराब श्रेणी प्रदर्शित करने वाले इंडिकेटर में रहने वाले विभाग व कार्यों से संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि कार्यों, योजनाओं में गुणात्मक प्रगति लाते हुए बेहतर परफॉर्मेंस प्रदर्शित करें। उन्होंने कहा कि कार्यों के संचालन एवं क्रियान्वयन में लापरवाही के कारण सीएम डैश-बोर्ड पर खराब रैकिंग दर्शाने वाले विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं के विद्युत बिल सुधार के प्रकरणों में पेंडेंसी जीरो करने, जनपद के विद्यालयों में पठन-पाठन व शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था, मिड-डे मील योजना में भोजन की गुणवत्ता आदि का नियमित निरीक्षण करने, जनपद में फैमिली आईडी बनाने की प्रगति, पाइप्ड पेयजल योजना से आच्छादित समस्त ग्राम पंचायतों में लाभार्थियों को शत प्रतिशत पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराते हुए डाटा की फीडिंग कराने आदि से संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। जिनके पास राशन कार्ड नहीं उनकी फेमिली आईडी बनाएं समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनपद में फैमिली आईडी बनाने की प्रगति की विकासखंडवार समीक्षा की गई। उन्होंने समस्त एडीओ पंचायतों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों, न्याय पंचायतों में जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है उनका शत-प्रतिशत फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित करें। शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर पंचायत को फैमिली आईडी बनाने में प्रगति लाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विकास कार्यों से संबंधित समस्त विभागों द्वारा सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित होने वाले फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से आंकड़ेवार जानकारी प्राप्त करते हुए विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारीगणों को निर्देशित किया कि उनके विभाग से संबंधित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति पर विशेष ध्यान दें, जिससे सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग अच्छी बनी रहे। ब्लाकों की विकास योजनाओं की करते रहें समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विकासखंड में संचालित समस्त विकास योजनाओं की विकासखंड स्तर पर समीक्षा करते रहे जिसे कहीं कोई कमी पाए जाने अथवा कोई पात्र व्यक्ति किसी योजना से वंचित रह जाने पर संबंधित विभाग को निर्देशित किया जा सके। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में विभागों कार्यदाई संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों, परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति, कार्यों में गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा सम्बंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रामानुज कनौजिया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा डॉ प्रभात द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण आरके पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ सर्वेश कुमार यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र आदि मौजूद रहे। निर्धारित समय के भीतर पूरा करें निर्माण कार्य बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए इसे कार्यदायी संस्थाएं पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं के निर्माण कार्य हेतु धनराशि प्राप्त हो गई है। उन परियोजनाओं का कार्य निश्चित समयावधि के अंतर्गत कार्यदायी संस्थाएं पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य सहित जनपद में निर्माणाधीन समस्त परियोजनाओं के निर्माण कार्य में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति एवं गुणवत्ता आदि के बारे में सम्बंधित कार्यदायी संस्था एवं विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों की प्रगति को सभी कार्यदायी संस्थाएं, सम्बंधित विभाग सीएमआईएस पोर्टल पर फीड कराना सुनिश्चित करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


