जिले में एक दर्जन पेट्रोल पंप ड्राई

Newswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर जिले में डीजल-पेट्रोल का संकट जारी है। पेट्रोल पंपों की नियमित आपूर्ति नहीं होने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई पंप ड्राई हो चुके हैं और लोग ईंधन के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। शादी-विवाह और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है।

जिले में एक दर्जन पेट्रोल पंप ड्राई

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में डीजल-पेट्रोल का संकट बदस्तूर जारी है। प्रतिदिन पेट्रोल पंपों के ड्राई होने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह कि जिस पंप पर तेल आ रहा है वह उसी दिन रात में या अगले दिन सुबह तक ड्राई हो जा रहा है। नियमित आपूर्ति न हो पाने से फिर दो दिन पंप ड्राई हो जा रहे हैं। मेंहदावल, बघौली क्षेत्र के पेट्रोल पम्पों पर तेल नहीं मिला। इससे वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई। पेट्रोल पंपों का चक्कर लगाने को लोग मजबूर हुए। बघौली क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल संकट लगातार बना हुआ है। तिघरा, जंगल कला, बनकटिया स्थित अन्य पेट्रोल पम्पों पर ईंधन खत्म होने से पम्प पूरी तरह ड्राई रहे। पेट्रोल और डीजल नहीं मिलने से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही पम्पों पर वाहन चालकों की भीड़ लगी रही, लेकिन ईंधन उपलब्ध न होने के कारण लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी शादी-विवाह, खेती-किसानी और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को हो रही है。

ईंधन संकट का प्रभाव

कई बाइक सवार पेट्रोल की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। ईंधन संकट के चलते बाजार और परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ने लगा है। पम्प संचालकों के अनुसार आपूर्ति बाधित होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। जैसे ही तेल की खेप पहुंचेगी, बिक्री फिर शुरू कर दी जाएगी। वहीं लोग जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग कर रहे हैं ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Voice of UP

महुली क्षेत्र में स्थिति

महुली क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत लगातार गहराती जा रही है। क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पम्पों पर ईंधन संकट बना हुआ है। दो पम्प पूरी तरह ड्राई हो गए हैं। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ईंधन लेने पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं कई पम्पों पर कड़ी मशक्कत के बाद लोग पा रहे हैं। अचानक बढ़ी मांग और आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है। ग्रामीण इलाकों से आने वाले वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है।

मेंहदावल क्षेत्र में किल्लत

मेंहदावल क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की भारी किल्लत से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। कई पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो चुके हैं, जबकि कुछ पंपों पर पेट्रोल या डीजल में से केवल एक ही ईंधन उपलब्ध है। हालात ऐसे हो गए हैं कि वाहन चालकों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी सीमित मात्रा में तेल मिल पा रहा है।

मेंहदावल बाईपास मार्ग स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर पिछले तीन दिनों से पेट्रोल और डीजल दोनों की आपूर्ति ठप है। पंप पूरी तरह ड्राई होने से वाहन स्वामियों को मायूस लौटना पड़ रहा है। इसी तरह करमैनी मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर भी तेल खत्म होने से ताले लटक गए हैं। तिघरा ब्लॉक के पास स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर भी कई दिनों से आपूर्ति न होने के कारण बिक्री बंद है। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी की ओर से समय पर सप्लाई नहीं मिलने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

उपभोक्ताओं की परेशानी

क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर केवल डीजल उपलब्ध होने के कारण लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि पेट्रोल पूरी तरह समाप्त हो चुका है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई पंपों पर कर्मचारियों द्वारा 200 रुपये से अधिक का पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि कंपनियों को एडवांस भुगतान करने के बावजूद समय से तेल की आपूर्ति नहीं हो रही है।

इससे उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। दूसरी ओर शादी-विवाह के सीजन में डीजल और पेट्रोल की कमी ने परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारात, वाहन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आम लोगों का कहना है कि ईंधन संकट के कारण दैनिक जीवन और व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। किसी को कार्यालय पहुंचने में परेशानी हो रही है तो कोई जरूरी कार्य के लिए वाहन नहीं निकाल पा रहा है।

बेलहर क्षेत्र में संकट

बेलहर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर कहीं पेट्रोल उपलब्ध नहीं है तो कहीं डीजल खत्म होने से लोग मायूस होकर वापस लौटने को मजबूर हैं। बीएमसीटी मार्ग स्थित खटियावा पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म होने की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पहुंचे वाहन चालक निराश होकर लौट गए। वहीं पंप संचालकों द्वारा पेट्रोल सीमित मात्रा में उपलब्ध होने की बात कहते हुए लोगों से लिमिट में ईंधन लेने का अनुरोध किया जा रहा है। चमनगंज पेट्रोल पंप पर डीजल नहीं है का बोर्ड लगा दिया गया है, जबकि वहां केवल पेट्रोल मिलने से भारी भीड़ उमड़ रही है। लोगों को घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। उधर बेलहर स्थित पेट्रोल पंप पर मशीनों को ढक दिया गया है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी रही। ईंधन की कमी के चलते बाइक, कार और अन्य वाहनों के चालकों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अचानक ईंधन संकट से खेती-किसानी और रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

सामान्य प्रश्न

संतकबीरनगर जिले में ईंधन संकट का मुख्य कारण क्या है?
पम्प संचालकों के अनुसार आपूर्ति बाधित होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।