जनपद में नहीं खत्म हो रहा है डीजल और पेट्रोल का संकट
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। जनपद में डीजल और पेट्रोल की किल्लत खत्म नहीं हो रही

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। जनपद में डीजल और पेट्रोल की किल्लत खत्म नहीं हो रही है। रविवार को जिले के 25 प्रतिशत पेट्रोल पंप ड्राई रहे। हालांकि पहले से स्थिति काफी सामान्य हुई है। शहर के पंपों पर भीड़ कम देखने को मिली। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के पंपों पर भीड़ देखने को मिली। सबसे अधिक भीड़ डीजल को लेकर है। कई पेट्रोल पंप ड्राई रहे। इस कारण जहां तेल की उपलब्धता रही वहां पर ग्राहकों की लंबी कतार लग गई। तेल के लिए कई जगह लोग बहस करते भी दिखे। हालांकि प्रशासनिक दावे को माने तो जिले में अब डीजल और पेट्रोल की किल्लत नहीं है。
मेंहदावल: डीजल संकट से किसान बेहाल, दो पेट्रोल पंपों पर सप्लाई ठप
क्षेत्र के दो पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध न होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है। धान की रोपाई से पहले खेतों में पानी चलाने की जरूरत है, लेकिन समय पर डीजल नहीं मिलने से किसान चिंतित हैं। नगर पंचायत के बाईपास मार्ग स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर पिछले दो दिनों से डीजल खत्म है। हालांकि कस्बे के रोडवेज स्थित इंडियन ऑयल व एचपी के पेट्रोल पंप पर ईंधन उपलब्ध है। इससे वाहन चालकों के साथ ही खेती-किसानी से जुड़े लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कछार क्षेत्र के एक अन्य पेट्रोल पंप पर भी डीजल उपलब्ध नहीं है, जिससे ग्रामीण इलाकों के किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। इन दिनों खेती का सीजन चल रहा है। क्षेत्र में पर्याप्त बारिश न होने से खेतों की नमी खत्म हो रही है। किसान धान की नर्सरी तैयार करने और रोपाई से पहले खेतों में पानी लगाने के लिए डीजल पंपों पर निर्भर हैं। लेकिन डीजल संकट के कारण कृषि कार्य प्रभावित होने लगा है। किसानों का कहना है कि जहां डीजल उपलब्ध भी है, वहां एक बार में 15 लीटर से अधिक डीजल नहीं दिया जा रहा है। इससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है और किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।
नाथनगर: पम्पों पर डीजल का टोटा, सीमित आपूर्ति से बढ़ी चिंता
नाथनगर क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल की उपलब्धता सामान्य हो गई है। लेकिन डीजल की किल्लत लगातार बनी हुई है। कई पम्पों पर डीजल का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो चुका है। जबकि कुछ स्थानों पर सीमित मात्रा में ही डीजल दिया जा रहा है। इससे वाहन चालकों, किसानों और मालवाहक वाहनों के संचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि डीजल की तलाश में उन्हें एक पम्प से दूसरे पम्प तक भटकना पड़ रहा है। कई बार लंबी दूरी तय करने के बाद भी डीजल नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पिछले दिनों पेट्रोल की समस्या भी बनी हुई थी। लेकिन अब पेट्रोल की आपूर्ति सामान्य हो गई है। इसके विपरीत डीजल संकट और गहरा गया है। परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि डीजल की कमी का असर माल ढुलाई और अन्य आवश्यक सेवाओं पर भी पड़ सकता है। पेट्रोल पम्प संचालकों के अनुसार आपूर्ति प्रभावित होने के कारण डीजल की उपलब्धता कम हुई है। नई खेप आने के बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग और तेल कंपनियों से शीघ्र पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
----------------
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


