
साइबर फ्राड करने वालों का सिम ही नहीं, मोबाइल भी होगा ब्लॉक
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर जिले में साइबर क्राइम के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। पुलिस ने एक महीने में 163 सिम और 224 आईएमईआई नंबर ब्लॉक किए हैं। पिछले तीन सालों में 2562 सिम ब्लॉक किए गए हैं। जागरूकता के जरिए साइबर क्राइम से बचने की कोशिश की जा रही है और 67 पीड़ितों को 26 लाख रुपये वापस किए गए हैं।
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में साइबर क्राइम के तेजी से पांव पसारने की वजह से पुलिस जागरूकता और कार्रवाई को लेकर उतनी ही संजीदा है। सिर्फ एक महीने के अंदर साइबर थाने की पुलिस ने फ्राडरों के 163 सिम और 224 आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराई है। फ्राडरों के ज्यादातर नंबर वेस्ट बंगाल, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा और झारखंड के है। साइबर क्राइम थाने में दर्ज आंकड़े भी साइबर अपराध बढ़ने की ओर साफ संकेत कर रहे है। वर्ष 2024 में साइबर क्राइम के जहां 11 मुकदमें दर्ज हुए थे, वहीं वर्ष 2025 में अब तक 18 मुकदमें दर्ज हो चुके है।

इसको लेकर साइबर क्राइम थाने की पुलिस भी सतर्क है। इन दर्ज केस में पुलिस 18 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। साइबर थाना हो या फिर अन्य थानों में साइबर फ्राड से संबंधित शिकायतें अक्सर पहुंचती है। वहीं नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी पीड़ित अपनी शिकायतें दर्ज कराते हैं। साइबर एक्सर्पट कांस्टेबल राम प्रवेश मद्धेशिया बताते हैं कि फ्राड करने वालों के जरिए एक ही सिम और एक ही मोबाइल से जब कई फ्राड की घटनाएं कारित की जाती हैं। ऐसी शिकायतो की जांच की प्रक्रिया पूरी करके बाद संबंधित मोबाइल और सिम नंबर को ब्लॉक करने की कार्रवाई की जाती है। इसके पीछे मंशा है कि फ्राडर संबंधित मोबाइल व सिम का प्रयोग कर दोबारा साइबर फ्राड की घटना न कर सके। सिम और आईएमईआई नंबर ब्लॉक करने की कार्रवाई में आगे है जिला साइबर थाने के आंकड़ों के मुताबिक अक्तूबर 2025 में संतकबीरनगर में 163 सिम और 224 आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराया गया है। जबकि गोरखपुर साइबर थाने की पुलिस ने 129 और देवरिया में 16 सिम ब्लॉक कराया गया है। महराजगंज में 101 सिम, 204 आईएमईआई नंबर, बस्ती में 168 सिम , 22 आईएमईआई नंबर, सिद्धार्थनगर में 72 सिम, गोंडा में 05 सिम, 39 आईएमईआई नंबर, बहराइच में 113 सिम, 98 आईएमईआई नंबर, बलरामपुर में 33 सिम, 39 आईएमईआई नंबर, श्रावस्ती में 142 सिम नंबर ब्लॉक हुआ है। साइबर थाने के एसओ जय प्रकाश चौबे ने बताया कि इस साल अब तक साइबर फ्राड की शिकायतों के बाद जांच करके 293 आईएमईआई नंबर और 927 सिम ब्लॉक कराया जा चुका है। एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि जागरूकता ही साइबर क्राइम से बचने का सबसे कारगर उपाय है। पिछले तीन सालों में 2562 सिम ब्लॉक हो चुका है। जबकि साइबर फ्राडरों पर शिकंजा कसने के लिए एक से अधिक शिकायतें होने पर संबंधित सिम का प्रयोग जिस मोबाइल में हुआ है, उसका आईएमईआई नंबर भी ब्लॉक कराया जा रहा है। इस वर्ष अब 293 आईएमईआई नंबर ब्लॉक हो चुका है। 67 पीड़ितों के खाते में 26 लाख 79 हजार 259 रुपये वापस कराया गया है। साइबर क्राइम के बारे में लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


