पीड़ित से रिश्तेदार बनकर की ठगी के 50 हजार रुपये कराए वापस
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में साइबर सेल ने रिश्तेदार बनकर ठगी का शिकार हुए रघुनंदन सोनी को 50,000 रुपये वापस दिलवाए। साइबर अपराधी ने मजबूरी का हवाला देकर पैसे मांगे थे। शिकायत के बाद, तकनीकी विश्लेषण कर धनराशि को होल्ड किया गया और कोर्ट के आदेश से राशि लौटाई गई। एसपी ने सावधानी बरतने की अपील की।

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। साइबर सेल थाना बखिरा की टीम ने रिश्तेदार बनकर की गई साइबर ठगी के शिकार हुए पीड़ित को 50 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई। एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि बखिरा क्षेत्र के नंदौर के रहने वाले पीड़ित रघुनंदन सोनी पुत्र केथन वर्मा से साइबर अपराधी ने रिश्तेदार बनकर मजबूरी का हवाला देकर 50000 रुपये मांग लिए। बाद में हकीकत पता चलने पर पीड़ित को एहसास हुआ कि उसके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने बखिरा थाने के साइबर सेल में शिकायत की। जिस पर महिला आरक्षी सुमन कुमारी ने तत्काल एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत पंजीकृत किया।
संबंधित बैंक से संपर्क कर व तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से पूर्ण धनराशि को होल्ड कराया। विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए कोर्ट के आदेश से बुधवार को आवेदक के खाते में 50,000 रूपये वापस कराया। पीड़ित की रकम को वापस कराने में साइबर सेल टीम के एसएसआई राजेश कुमार, आरक्षी चन्द्रभान सिंह, महिला आरक्षी अनामिका सिंह, महिला आरक्षी सुमन का सहयोग रहा। एसपी ने अपील किया कि यदि कोई व्यक्ति फोन पर रिश्तेदार या दोस्त बनकर पैसों की मांग करे, तो बिना उसकी पहचान की पुष्टि किए पैसे न भेजें। साइबर अपराधी अक्सर आवाज़ बदलकर या भावनात्मक दबाव बनाकर ठगी करते है। किसी भी संदिग्ध लेनदेन की सूचना तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर दें। किसी भी अज्ञात व्यक्ति के जरिए भेजे गए लिंक, कॉल या संदेश पर अपनी बैंक जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन साझा न करें। सावधानी ही सुरक्षा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


