नाटक, भाषण के माध्यम से छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

Apr 08, 2026 02:43 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला सशक्तिकरण और दहेज प्रथा पर नाटक प्रतियोगिता के साथ-साथ वैश्विक युद्ध की चुनौतियों पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और सृजनात्मकता के विकास पर जोर दिया।

नाटक, भाषण के माध्यम से छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रहे वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में ‘महिला सशक्तिकरण’, दहेज प्रथा आदि विषयों पर नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न विषयों जैसे महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं दहेज प्रथा आदि विषयों पर प्रतिभागियों द्वारा नाटक प्रस्तुत किया गया। निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में डॉ. प्रदीप कुमार एवं डॉ. शौर्यजीत सिंह उपस्थिति रहे और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन भी किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ विजय प्रकाश त्रिपाठी ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रतियोगिता के संयोजक श्री पुरुषोत्तम पांडेय ने किया।

कार्यक्रम के आयोजन में डॉ राजेश गुप्ता एवं श्रीमती कंचनलता पांडेय ने सहयोग किया। प्रमुख प्रतिभागियों में कुमकुम वर्मा, विवेकमणि, अतुल, सिंपल, अंतिमा, आस्था एवं ममता आदि ने नाट्य मंचन प्रस्तुत कर छात्रों को जागरूक करने का प्रयास किया।इसी क्रम में वैश्विक युद्ध की चुनौतियां एवं परिणाम विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 18 छात्र एवं छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल में डाक्टर मनोज कुमार वर्मा, श्रीमती दीप्शी सिंह, श्री चन्द्र प्रकाश शाही तथा कार्यक्रम प्रभारी डाक्टर फखरे आलम एवं सह प्रभारी विजय बहादुर और सुश्री चांदनी व छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और नेतृत्व कौशल को विकसित करते हैं। मंच पर प्रस्तुति देने से झिझक दूर होती है और व्यक्तित्व निखरता है। इसके साथ ही नृत्य, संगीत, नाटक, कविता, चित्रकला आदि के माध्यम से विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को मंच मिलता है। इससे उनकी कल्पनाशक्ति और नवाचार की क्षमता बढ़ती है। ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाओं को जीवित रखने का कार्य करते हैं। विद्यार्थी अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझते और उससे जुड़ते हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।