प्रशासन ने अवैध खनन पर कसा शिकंजा, तीन ट्रैक्टर-ट्राली व लोडर मशीन सीज
मेंहदावल तहसील में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर छापे मारकर तीन ट्रैक्टर-ट्राली और एक लोडर मशीन को सीज किया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। एसडीएम ने अवैध खनन पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

मेंहदावल, हिन्दुस्तान संवाद। मेंहदावल तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध खनन में लिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्राली और एक लोडर मशीन को पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।एसडीएम अरुण कुमार के निर्देश पर तहसीलदार अल्पिका वर्मा, सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह और थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में खनन को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम को सूचना मिली थी कि बाराखाल इलाके में जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्राली से अवैध मिट्टी खनन किया जा रहा है।
मौके पर पहुंची टीम ने मिट्टी लदी दो ट्रैक्टर-ट्राली बरामद की। पूछताछ के दौरान चालक वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों वाहनों को थाने लाकर सीज कर दिया गया। इसी क्रम में बुधवार को एसडीएम अरुण कुमार ने ददरा गांव से एक लोडर मशीन को पकड़कर सीज करते हुए मेंहदावल पुलिस को सुपुर्द किया। वहीं, नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी ने बेलहर क्षेत्र के लोहरौली से मिट्टी लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़कर बेलहर पुलिस के हवाले किया, जिसे बाद में सीज कर दिया गया। सीओ सर्वदवन सिंह ने कहा कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि सभी राजस्व निरीक्षकों और हल्का लेखपालों को अवैध खनन पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस बल को भी सहयोग में लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


