मेंहदावल में ‘बिच्छू गैंग’ की फिर दस्तक
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। क्षेत्र में एक बार फिर कथित ‘बिच्छू गैंग’ की सक्रियता

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। क्षेत्र में एक बार फिर कथित ‘बिच्छू गैंग’ की सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पिछले कुछ दिनों से दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद में एक पक्ष की बढ़ती सक्रियता ने लोगों को पुराने घटनाक्रम की याद दिला दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वही समूह है, जो पहले भी मारपीट और दबंगई को लेकर चर्चा में रहा है।बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले तुलसीपुर, बढ़या, पण्डितपुरवा और केवटलिया मोहल्लों के 14 से 18 वर्ष के युवकों का यह समूह काफी सक्रिय हो गया था। उस दौरान इन पर मारपीट के साथ ही धन उगाही तक के आरोप लगे थे।
समय-समय पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई सदस्यों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए थे, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में इनकी गतिविधियां पूरी तरह थम नहीं सकीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस ग्रुप के सदस्य फोन कॉल और लोकेशन के जरिए कुछ ही मिनटों में दर्जनों की संख्या में एकत्र होकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। यही वजह है कि छोटी-छोटी कहासुनी भी अचानक बड़े विवाद में बदल जाती है। लोगों का यह भी आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के बाद कई बार राजनीतिक हस्तक्षेप या आपसी सुलह के चलते आरोपियों को राहत मिल जाती है, जिससे उनका मनोबल लगातार बढ़ रहा है। अब क्षेत्र में यह चर्चा आम हो गई है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्ती नहीं दिखाई, तो यह स्थिति आगे चलकर जातीय तनाव और किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। लोगों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


