
पछुआ हवाओं से बढ़ रही है गलन
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में ठंडक तेजी के साथ पांव पसार रही है।
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में ठंडक तेजी के साथ पांव पसार रही है। कोहरा नहीं पड़ रहा है फिर भी तापमान गिर कर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसकी वजह से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। लोग सुबह देर से सोकर उठ रहे हैं। बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंड से जुड़ी बीमारियां भी लोगों को परेशान कर रही हैं। पहाड़ों से होकर आ रही पछुआ हवाओं की वजह से मैदानी इलाके में ठंडक बढ़ती जा रही है। सूखी ठंडक होने की वजह से लोगों को अधिक परेशानी हो रही है।
मौसम साफ होने की वजह से सूर्य देवता के दर्शन आठ बजे तक हो जाते हैं, लेकिन गलन बरकरार रहती है। यही कारण है कि लोग ठंड से बचने के लिए धूप का सहारा ले रहे हैं। बुजुर्ग भी दोपहर मे छत या फिर मैदान में बैठ कर धूप का आनंद ले रहे हैं। शाम होते ही लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों को हो रही है। बच्चे तेजी के साथ घर के फर्श पर खेलते हैं। परिजनों को देखने में अच्छा लगता है। यही समय है जब बच्चों को ठंड लग जाती हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सोहन गुप्त ने बताया कि परिवार के लोगों को चाहिए कि बच्चे जहां पर खेल रहे हैं उस कक्ष का तापमान मेंटेन करें ताकि बच्चों को ठंड न लगने पाए। बुधवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। नरेन्द्र देव कृषि विवि कुमारगंज अयोध्या के मौसम वैज्ञानिक डॉ अमरनाथ मिश्र ने बताया कि ठंडक का प्रकोप अभी और बढ़ेगा। इस वर्ष अधिक ठंडक पड़ने के आसार हैं। हालांकि अभी तक मौसम खेती किसानी के अनुकूल बना हुआ है। किसानों को चाहिए कि तेजी के साथ खेती किसानी का काम निपटाएं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




