जनगणना में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता अनिवार्य : एडीएम
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, निज संवाददाता। अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व, जिला जनगणना अधिकारी जयप्रकाश की अध्यक्षता

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व, जिला जनगणना अधिकारी जयप्रकाश की अध्यक्षता में बुधवार को जनगणना 2027 के संबंध में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जनगणना से संबंधित सभी दयित्वों की जानकारी दी गई। एडीएम ने कहा कि जनगणना में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता अनिवार्य है। इसके साथ ही गुरुवार से शुरू हो रही स्वगणना के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य मौजूद रहे।
स्वगणना की प्रक्रिया
एडीएम ने बताया कि जनगणना 2027 के क्रम में स्वगणना 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। जनगणना दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी, जिसके प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना 22 मई से 20 जून 2026 तक एवं द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना एवं जातिगत गणना 09 से 28 फरवरी 2027 तक की जानी है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत की 16वीं जनगणना पहली बार पूर्णतः डिजिटल माध्यम से की जा रही है। पहले चरण में हर मकान, भवन एवं परिवार का हाउस लिस्टिंग कार्य किया जाएगा। इसके लिए जिओ मैपिंग, मोबाइल एप, जीपीएस ट्रैकिंग एवं सेल्फ एन्यूमेरेशन पोर्टल का उपयोग होगा जिससे कोई घर न छूटे और डुप्लीकेट प्रविष्टि न हो। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक जानकारी एकत्र की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार विस्तृत जाति संबंधी डाटा भी इस जनगणना का हिस्सा होगा। जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी दी। कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक होगी। इसके लिए प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना के 33 प्रश्नों को पूछेंगे। जनगणना के शुरू होने से 15 दिन पूर्व यानि 07 मई से 21 मई तक स्वगणना करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। स्वगणना के बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। जिन्होंने पहले ही स्वगणना कर ली है उन्हें अपने 11 अंकों की एसईआईडी बतानी होगी। प्रगणक एसईआईडी दर्ज कर जानकारी का सत्यापन कर लेंगे। इस अवसर पर डीसी मनरेगा डॉ. प्रभात द्विवेदी, जिला प्रभारी जनगणना सुजीत कुमार, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा, प्रशासनिक अधिकारी बद्री प्रसाद, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज आदि मौजूद रहे।
आज से सभी परिवार कर सकते हैं स्वगणना
07 मई से 21 मई तक लोग स्वयं अपने मोबाइल, कंप्यूटर अथवा लैपटाप से घर बैठे जनगणना की पूरी जानकारी भर सकेंगे। स्वगणना देश में पहली बार हो रही है जिससे प्रक्रिया अधिक आसान, तेज एवं पारदर्शी रहेगी। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना करने वाले लोग ऑनलाइन पोर्टल http://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार से जुड़ी समस्त जानकारी खुद भर सकेंगे। स्वगणना करने हेतु सबसे पहले पोर्टल पर जाकर राज्य का चयन करना होगा, कैप्चा डालना होगा, स्वागत पेज पर ओके करना होगा, परिवार के मुखिया का नाम दर्ज करना होगा। जिसमें बाद में परिवर्तन नहीं कर सकते हैं। मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, इमेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करना होगा, वेरीफाई एवं प्रोसीड करना होगा। प्रश्नों की भाषा का चयन कर मोबाइल में प्राप्त ओटीपी को दर्ज कर वेरीफाई करना होगा, जिला, पिन कोड, अपने घर का पूरा पता दर्ज करना होगा तथा मानचित्र पर लाल मार्कर को चिकर अपने घर की सटीक लोकेशन भी तय करनी होगी। इसके बाद जनगणना हेतु पूछे जाने वाले सभी 33 प्रश्नों की सही जानकारी भरनी होगी।
जनगणना में पूछे जाएंगे ये प्रश्न
जनगणना में पूछे जाने वाले प्रश्न जैसे मकान की फर्श, दीवार, छत की प्रमुख सामग्री, परिवार में सामान्यतः रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, मुखिया का लिंग, परिवार का मुखिया यदि राज्य के अनुसूचित जाति, जनजाति या अन्य से सम्बंधित हो तो उपयुक्त का विकल्प चुने, मकान के स्वामित्व की स्थिति, उपलब्ध कमरों की संख्या, परिवार में रहने वाले विवाहित दम्पत्तियों की संख्या, पेयजल का मुख्य श्रोत, पेयजल श्रोत की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य श्रोत, शौचालय की सुलभता, शौचालय का प्रकार, गन्दे पानी की निकासी, स्नान सुविधा की उपलब्धता, रसोई घर एवं एपीजी, पीएनजी गैस कनेक्शन की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईधन, रेडियो, ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, इन्टरनेट सुविधा, लैपटॉप कंप्यूटर, टेलीफोन एवं मोबाइल फोन, स्मार्ट फोन, साइकिल, स्कूटर, मोटर साइकिल, मोपेड, कार, जीप,वैन, परिवार द्वारा उपयोग किये जाने वाले मुख्य अनाज तथा मोबाइल नंबर (केवल जनगणना उपयोग हेतु) दर्ज कर सहेंजे एवं आगे बढ़े। इसके बाद (Save and Proceed) करना होगा। सेव करने पर 11 अंकों की एक स्वगणना पहचान संख्या जारी होगी जिसे सुरक्षित नोट कर रख लेंगे जो एसएमएस, ईमेल के माध्यम से भी प्राप्त हो जायेगा।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


