ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में सपा प्रवक्ता पर केस
संतकबीरनगर में ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा नेता मृगेंद्रराम त्रिपाठी ने तहरीर दी थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि भाटी ने ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का उपयोग किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने समाजवार्दी पार्टी के नेता एवं पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी के पौत्र और खलीलाबाद सीट से सांसद रहे स्वर्गीय शरद त्रिपाठी के बेटे भाजपा नेता मृगेंद्रराम त्रिपाठी ने इस बाबत तहरीर दी थी। पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में संकलित कर प्रकरण की विवेचना शुरू कर दी है।
भाजपा नेता का आरोप
औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद के रहने वाले भाजपा नेता मृगेंद्रराम त्रिपाठी ने तहरीर में कहा है कि ब्राह्मण समाज एक प्रबुद्ध वर्ग है। हमेशा हर जाति एवं धर्म को समानता के साथ लेकर चला है। उनका आरोप है कि समाजवादी पार्टी के राजनेता और प्रवक्ता राजकुमार भाटी निवासी ग्राम पोस्ट लुहारली, तहसील दादरी, जिला गौतमबुद्धनगर ने ब्राह्मण समाज पर अशोभनीय और अर्मादित टिप्पणी की है। आरोप है कि गत 5 मई को नई दिल्ली के जवाहर भवन में एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल भी हुआ। राजकुमार भाटी की अर्मादित टिप्पणी से संपूर्ण ब्राह्मण समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। समाज के लोग आक्रोशित हैं। यह टिप्पणी समाज को बांटने का कार्य करती है। ऐसे अपराध अक्षम्य हैं। उनकी तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वायरल वीडियो को बतौर साक्ष्य शामिल करते हुए विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई
भाजपा नेता मृगेंद्रराम त्रिपाठी की तहरीर के आधार पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ सार्वजनिक शांति एवं सद्भाव को बिगाड़ने वाले बयान देने, जानबूझकर धार्मिक भावना को नुकसान पहुंचाने और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की विवेचना कोतवाल खलीलाबाद को सौंपी गई है। वायरल वीडियो, तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर विवेचना कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रियम राजशेखर पांडेय, सीओ, खलीलाबाद
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


