समस्याओं के मकड़जाल में उलझे बंधुपुर वासी

समस्याओं के मकड़जाल में उलझे बंधुपुर वासी

संक्षेप:

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के बंधुपुर गांव में निवासियों को स्वास्थ्य, शुद्ध पेयजल, सड़क, जल निकासी और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। गांव में जल निकासी की समस्या और ध्वस्त सड़कें हैं। कई...

Sep 16, 2025 12:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के नाथनगर ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बंधुपुर जनपद की सीमा पर बसे होने के कारण समस्याओं के मकड़जाल में उलझा हुआ है। यहां के निवासियों को स्वास्थ्य, शुद्ध पेयजल, सड़क, जल निकासी तथा आवास आदि सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। जनप्रतिनिधि तथा प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। गांव की सड़क टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। दुरुस्तक करने के लिए हो रही शिकायतों का कोई असर नहीं है। गांव के कई पात्र आज भी आवासीय सुविधा के लाभ से वंचित हैं। अपने अधिकार की लड़ाई लड़ रहे है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर फैला रहता है। इससे आवागमन में लोगों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ती है। स्कूली बच्चो को आने जाने में काफी दुर्गति झेलनी पड़ रही है। इसका कोई पुरसानेहाल नहीं है। ग्रामीणों के शुद्ध पेयजल की व्यवस्था बदहाल है। आपूर्ति के लिए बन रही पानी की टंकी का निर्माण अधूरा है। लोग दूषित पेयजल का प्रयोग कर रहे हैं। गांव में बना सामुदायिक शौचालय काफी दूर होने से उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। इसमें ताला बंद रहता है। मुख्य सड़क की मरम्मत कराने के साथ ही जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए नाला का निर्माण कराने की जरूरत है। दुसाध मोहल्ला का मुख्य मार्ग ध्वस्त पीडब्ल्यूडी सड़क से सटे दुसाध मोहल्ला का मुख्य मार्ग ध्वस्त हो गया है। लगभग 10 वर्ष पूर्व अम्बेडकर गांव चयनित होने पर श्यामा व लालचंद्र दुसाध के घर तक लगभग 150 मीटर लम्बा व तीन मीटर चौड़ा सीसी रोड बनाया गया था। सीसी मार्ग के अगल-बगल लगी ईंट गिरकर ध्वस्त हो गई है। जिससे सीसी रोड जगह-जगह टूट रही है। इसके चलते आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो सड़क की दशा और बदहाल हो जाएगी। सुरक्षित आवागमन के लिए इसकी मरल्लत किया जाना अतिआवश्यक है। ग्रामीणों को नहीं मिला शौचालय स्वच्छता अभियान के तहत लोगों को घर-घर शौचालय आवंटित किया गया था। कई पात्र ऐसे हैं जो शौचालय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पात्र लाभार्थी संगीता देवी, खुशबू आदि ने काफी प्रयास किया कि उन्हें व्यक्तिगत शौचालय मिल जाए पर मंजूर नहीं हुआ। वहीं गांव में कई ऐसे पात्र भी हैं जिन्हें शौचालय निर्माण की एक किस्त मिल गई है। पर उसे पूरा करने के लिए दूसरी किस्त पाने के आस लगाए हैं। काफी दिन से दूसरी किस्त नहीं मिली। लाभार्थी शांति देवी, गोमती, मोविन, सोनू आदि ने कहा कि दूसरी क़िस्त का इंतजार कर रहे हैं लेकिन नहीं मिली। इससे शौचालय पूरा नहीं हो रहा है। पीडब्ल्यूडी की पक्की सड़क अधूरी पीडब्ल्यूडी की पक्की सड़क अधूरी होने से ग्रामीण परेशान हैं। सड़क पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो गई है। जरा सी बारिश हो जाने पर सड़क पर पानी जमा हो जाता है। इससे राहगीर सड़क पर गिरकर घायल हो रहे हैं। संतोषी शर्मा के घर से लेकर राम वृक्ष दुसाध के घर तक के सीसी मार्ग को अधूरी सड़क छोड़कर ठेकेदार फरार हो गया है। वहीं बंधुपुर कटलहवा चौराहे पर सीसी मार्ग बनाने के लिए तैनात ठेकेदार अधूरा काम छोड़कर गायब हो गया है। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत कर जिम्मेदारों को अवगत कराया लेकिन जिम्मेदार मौन साधे रहे। बेमतलब साबित हो रहा गांव के बाहर बना सामुदायिक शौचालय बंधुपुर में लोगों की सुविधा के मद्देनजर लाखों रुपए खर्च कर गांव के बाहर सामुदायिक शौचालय का निर्माण करवा दिया गया। जो बेमतलब साबित हो रहा है। इसका उपयोग ग्रामीण नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है सामुदायिक शौचालय एक तो दूर बना है दूसरे हमेशा ताला बंद रहता है। कोई रखवाली करने वाला भी नहीं रहता है। चाहकर भी ग्रामीण उसका उपयोग नहीं कर पा रहे है। गुपचुप तरीके से उसका निर्माण कराया गया। कुछ ग्रामीणों ने जानकारी होने पर विरोध किया तो उन्हें लालच देकर चुप करा दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। दूषित जल दे रहा इंडिया मार्का हैंडपंप नाथनगर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंधुपुर में इंडिया मार्का हैंडपंप लगाने में मनमानी की गई है। मानक का भी ख्याल नहीं रखा गया जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्हें शुद्ध पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। श्मशान घाट के निकट लगा इंडिया हैंड पम्प दूषित पानी उगल रहा है। इसी तरह रामचन्द्र दुसाध, सन्तराम दुसाध, राजेश व गोमती दुसाध के घर के सामने लगे हुए इंडिया मार्का पम्प दूषित पानी उगल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी स्तर पर उन्हें शुद्ध पेयजल मुहैया कराए जाने की योजना बनाकर करोड़ों खर्च किया जा रहा है लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही और मनमानी के चलते सरकार की मंशा पर पानी फिरने लगा है। पेयजल के लिए बन रही पानी की टंकी का निर्माण अधूरा नाथनगर ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायतों में शुद्ध पानी के लिए जल जीवन मिशन के तहत टंकी से सप्लाई की जा रही है। बंधुपुर के राजस्व गांव रामूपुर में भी जल जीवन मिशन के तहत पंप हाउस व पानी की टंका का निर्माण शुरू हुआ। पर यहां बन रही पानी की टंकी का निर्माण कार्य काफी दिन से अधूरा है। यहां योजना विकास को गति देने के लिए अभी काफी समय लगेगा। कब तक पेयजल की आपूर्ति होगी कोई बताने वाला नहीं है। तब तक यहां के लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। शो पीस बना आंगनबाड़ी केंद्र नाथनगर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंधुपुर के राजस्व गांव रामूपुर में बना आंगनबाड़ी केंद्र केवल शो पीस ही है। साफ सफाई व देख रेख के अभाव में उक्त भवन वीरान पड़ा हुआ है। भवन बनकर तैयार है जिम्मेदार का अता-पता नहीं रहता। ग्रामीणों का कहना है कि केवल खानापूर्ति करके सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। इसकी जांच होनी चाहिए। ग्राम प्रधान शिव प्रसाद चौधरी ने कहा कि गांव का चौमुखी विकास कराया गया है। जो कार्य अधूरा है उसे पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। गांव का कोई भी पात्र सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। सड़क, जलनिकासी और शुद्ध पेयजल की सुविधा का लाभ सभी को बराबर मिलेगा। विकास कार्यों में कोई भेद भाव नहीं होगा। विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि पूरे विधान सभा क्षेत्र की समस्याओं का निदान कराया जा रहा है। सरकार द्वारा चलाई गई सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। जहां से ज्यादा समस्या आ रही है वहां अधिकारियों से मिलकर काम कराया जा रहा है। बंधुपुर गांव की जो भी समस्याएं हैं उनका भी समाधान कराया जाएगा। ग्रामीणों को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।