जीरो पॉवर्टी अभियान में 2663 परिवारों का सर्वे पूरा
Sambhal News - आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मुख्य धारा में लाने के लिए जीरो पॉवर्टी अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। डीएम और सीडीओ की सख्ती के बाद 2663 परिवारों का सर्वे पूरा किया गया है। लक्ष्य 15803 निर्धन...

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मुख्य धारा में लाने के लिए शुरू किया गया जीरो पॉवर्टी अभियान अब रफ्तार पकड़ रहा है। डीएम और सीडीओ की लगातार सख्ती के बाद इसमें तेजी आई है। नतीजतन सर्वे में तेजी लाते हुए जिले भर की ग्राम पंचायतों से 2663 परिवारों का सर्वे पूरा किया गया। साथ ही सभी ब्लॉकों को जल्द लक्ष्य पूरा करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि जीरो पॉवर्टी अभियान में ऐसे परिवारों का चिह्नांकन किया जा रहा है जो अत्यंत गरीब हैं। इनके पास न रहने के लिए घर है और न ही दो वक्त की रोटी का कोई इंतजाम। हर ग्राम पंचायत में 10 से 25 परिवारों को चिह्नित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए हर ग्राम पंचायत में ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सेवक, बीसी सखी समेत समूह की महिलाओं को गणना करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुरुआत में यह अभियान काफी धीमी गति से चल रहा था। निर्धन परिवार चिह्नित करने के लिए लगाए गए कर्मचारी भी खासी रुचि नहीं दिखा रहे थे। इस पर डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया व सीडीओ गोरखनाथ भट्ट ने खंड विकास अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए सर्वे में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। सरकार के महत्वपूर्ण अभियान में डीएम व सीडीओ के स्वयं रुचि लेने पर सर्वे में तेजी आई और जिले भर की पंचायतों में 2663 निर्धन परिवारों का सर्वे का काम पूरा हो सका। जिले के तय लक्ष्य 15803 के सापेक्ष अब तक 2663 निर्धन व असहाय परिवारों का सर्वे करते हुए मॉप अप एप पर ब्योरा दर्ज करा दिया गया है। साथ ही शेष बचे लक्ष्य के तहत सर्वे भी इसी माह पूरा किया जाएगा। सर्वे के बाद इन चिन्हित परिवारों का सत्यापन कर पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ज्ञान सिंह ने बताया कि अब तक 2663 परिवारों को चिन्हित कर डाटा मॉप अप एप पर दर्ज किया गया है। शेष लक्ष्य को भी जल्द ही पूरा कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ब्लॉक पंचायत लक्ष्य चिन्हित परिवार
बनियाखेड़ा 79 1738 545
बहजोई 73 1460 200
पवांसा 103 2575 206
संभल 101 2525 501
असमोली 92 2300 184
रजपुरा 81 2025 289
गुन्नौर 69 1380 273
जुनावई 72 1800 265
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।