राष्ट्र की प्रगति में युवाओं की भूमिका अहम : डॉ. अतुल मेहरोत्रा
Sambhal News - अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने समर्पण दिवस पर सरायतरीन ग्राहक सेवा केंद्र में विचार गोष्ठी का आयोजन किया। मुख्य अतिथि डॉ. अतुल मेहरोत्रा ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों पर जोर दिया और शिक्षा, राष्ट्रवाद और मानवतावाद के महत्व को बताया।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत जिला इकाई संभल द्वारा सोमवार को समर्पण दिवस के अवसर पर सरायतरीन स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संभल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अतुल मेहरोत्रा ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। डॉ. अतुल मेहरोत्रा ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति में युवाओं का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि आज के युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करना चाहिए और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विवेकानंद के प्रेरक संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” को जीवन में अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक गगन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के महान आध्यात्मिक चिंतकों में से एक थे। उनका जीवन और विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती देशभर में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है। जिला अध्यक्ष देवेंद्र वार्ष्णेय एडवोकेट ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जातिवाद और रूढ़िवादिता के विरोधी थे। उन्होंने शिक्षा, राष्ट्रवाद और मानवतावाद को समाज की मजबूती का आधार बताया। उनके विचार उपनिषदों, गीता और भगवान बुद्ध के उपदेशों से प्रभावित थे। इस अवसर पर नगर पालिका संभल के पूर्व कार्यालय अधीक्षक दयानंद वार्ष्णेय, महावीर प्रसाद, अभिषेक अग्रवाल, सोनू गुप्ता एडवोकेट, त्रिभुवन सर्राफ, जगत आर्य, सुमित श्याम, नवरत्न सर्राफ, प्रज्ञांश वार्ष्णेय, पारस वार्ष्णेय एडवोकेट, उमेश सर्राफ, संतराम आर्य, हरीश गांधी, जगदीप, विपिन आर्य, सतेंद्र सर्राफ, ललित सहित अनेक लोगों ने अपने विचार रखे और समर्पण दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवेंद्र वार्ष्णेय एडवोकेट ने की, जबकि संचालन सोनू गुप्ता एडवोकेट द्वारा किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




