Sambhal News: बारिश के बाद फिर बदला मौसम, तेज धूप और उमस ने बढ़ाई बेचैनी
Sambhal News: संभल में मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद गर्मी में राहत मिली, लेकिन शनिवार को तीव्र धूप और उमस ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया। लोग बारिश की उम्मीद में आसमान की ओर देख रहे हैं। किसानों के लिए भी यह मौसम फसलों के लिए महत्वपूर्ण है।

Sambhal News: संभल। जनपद में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शुक्रवार को दोपहर तक हुई बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया था। वहीं लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली थी। बारिश के बाद तापमान में गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन शनिवार सुबह होते ही मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सुबह से ही तेज धूप निकलने के साथ उमस बढ़ गई। जिससे लोगों की परेशानी फिर बढ़ गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। शनिवार को सुबह से आसमान साफ रहा और सूर्यदेव के तेवर तीखे नजर आए।
दिन चढ़ने के साथ धूप और तेज होती गई। उमस भरी गर्मी के कारण लोग पसीने से परेशान रहे। घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। लोग धूप से बचने के लिए छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए। शुक्रवार को बारिश होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है, लेकिन इसके विपरीत तेज धूप निकलने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। मौसम में आए इस बदलाव के कारण लोग दिनभर आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार करते दिखाई दिए। यदि अगले एक-दो दिन में बारिश नहीं हुई तो तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। इससे उमस के साथ गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को फिलहाल बारिश का इंतजार है। किसानों की नजर भी आसमान पर टिकी हुई है, क्योंकि समय पर बारिश होने से फसलों को भी राहत मिल सकती है।


