संभल हिंसा: कोर्ट में 6 घंटे तक दर्ज हुए एसपी के बयान, वकीलों ने पूछे 140 सवाल
Sambhal News - 24 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कोर्ट में बयान दर्ज कराया। इस हिंसा में चार युवकों की मौत और 29 पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। एसपी ने करीब छह घंटे तक सवालों के जवाब दिए।

शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के मामले में सोमवार को एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के बयान दर्ज हुए। जिला न्यायालय स्थित एडीजे पॉक्सो कोर्ट में न्यायाधीश अवधेश कुमार सिंह के समक्ष करीब छह घंटे तक गवाही की प्रक्रिया चली। इस दौरान बचाव पक्ष के पांच अधिवक्ताओं ने एसपी से 140 से अधिक सवाल पूछे। जिला शासकीय अधिवक्ता आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि नखासा थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 304/2024 के तहत यह बयान दर्ज कराए गए। घटना के दिन उपद्रवियों की फायरिंग में एसपी और उनके पीआरओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
एसपी के पैर में भी छर्रे लगे थे। सोमवार को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक चली जिरह में एसपी ने घटना से जुड़े तथ्यों को मजबूती से कोर्ट के सामने रखा। बता दें कि सर्वे के दौरान हुई इस हिंसा में चार युवकों की मौत हुई थी और 29 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने साक्ष्यों के आधार पर 40 से अधिक लोगों को नामजद किया था। पुलिस ने इस मामले में 25 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जो फिलहाल न्यायालय से जमानत पर बाहर हैं। न्यायालय में हिंसा से जुड़े तथ्यों और चश्मदीद गवाह के तौर पर अपने बयान दर्ज कराए हैं। आरोपियों के वकीलों ने 140 से अधिक सवाल पूछे जिनका जवाब दिया गया। प्रभावी पैरवी के जरिए दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी -कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी, संभल

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




