
मुमरेजपुर गांव में हुई मारपीट व फायरिंग में पुलिस ने नौ को जेल भेजा
Sambhal News - गांव ममरेजपुर में बुधवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई। घटना में नौ लोग घायल हुए। पुलिस ने दोनों पक्षों से 16 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा की रिपोर्ट दर्ज की। गुरुवार को नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना कुढ फतेहगढ़ के गांव ममरेजपुर में बुधवार की सुबह दो पक्षों में मारपीट व फायरिंग हुई थी। जिसमें दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । पुलिस ने गुरुवार को नौ आरोपियों को जेल भेजा है। अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार सिंह ने गांव जाकर ग्रामीणों से जानकारी की। ग्राम मुमरेजपुर में बुधवार की सुबह साढ़े छह बजे दो पक्षों में जमीन विवाद को लेकर मारपीट व फायरिंग हुई थी। जिसमें दोनों पक्षों से नौ लोग घायल हो गए थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का उपचार कराया और दोनों पक्षों से 16 नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा की रिपोर्ट दर्ज कर ली और बुधवार की रात ही दोनों पक्षों से नौ लोगों सुरबीन उर्फ आशीष, कुंवरपाल, धर्मपाल, प्रवीण, किशनवीर, अनिल, बिजेंद्र, सतीश व ओमकार सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।
जिन्हें पुलिस ने बृहस्पतिवार को न्यायालय समक्ष पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने एक पक्ष रामवीर की ओर से गांव के ही 14 लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों से नौ लोगों को गिरफ्तार कर चालान किया गया है। वहीं घटना के दूसरे दिन गुरुवार की दोपहर अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार सिंह गांव पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने गांव रीट पहुंचकर नवनिर्माण दिन पुलिस चौकी का निरीक्षण किया और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। यहां से वह गांव बिरनी पहुंचे जहां शिवरात्रि के मददेनजर शिव मंदिर का जायजा लिया। मंदिर के पुजारी व कमेटी के पदाधिकारियो से शिवरात्रि को लेकर जानकारी ली ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




