24 कोसीय मासिक परिक्रमा में फाल्गुन उत्सव, लठ्ठमार होली ने बांधा समां

Mar 02, 2026 01:14 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संभल
share Share
Follow Us on

Sambhal News - फाल्गुन मास की मस्ती और भक्ति का अद्भुत संगम संभल में देखने को मिला। 24 कोसीय मासिक परिक्रमा का आयोजन धूमधाम से हुआ। श्रद्धालुओं ने रंग-गुलाल और भजन-कीर्तन के साथ भगवान की आरती की। महिलाएं लठमार होली खेलीं और पुरुषों ने नृत्य किया। पूरा क्षेत्र उल्लास से भर गया, मानो वृंदावन की अनुभूति हो रही हो।

24 कोसीय मासिक परिक्रमा में फाल्गुन उत्सव, लठ्ठमार होली ने बांधा समां

फाल्गुन मास की मस्ती और भक्ति का अद्भुत संगम रविवार को संभल में देखने को मिला। 24 कोसीय मासिक परिक्रमा समिति के तत्वावधान में मासिक परिक्रमा का आयोजन वृंदावन की तर्ज पर धूमधाम से किया गया। पूरा क्षेत्र रंग-गुलाल, पुष्प वर्षा और भजन-कीर्तन से सराबोर नजर आया। सुबह छह बजे से ही श्रद्धालु श्री वंशीगोपाल तीर्थ पर एकत्रित होने लगे। परिक्रमार्थियों ने कुंड और पौराणिक कदम वृक्ष की परिक्रमा कर आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद ब्रह्माजी द्वारा स्थापित भोलेनाथ मंदिर में आरती और जलाभिषेक किया गया। भगवान शंकर, भगवान कल्कि एवं भगवान हरिहर को पुष्प और गुलाल अर्पित कर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से होली खेली।

तीर्थ परिसर में महिलाओं ने पारंपरिक लठमार होली का शुभारंभ किया। पुरुषों ने ढाल से प्रतीकात्मक बचाव करते हुए नृत्य किया। जिससे वातावरण उल्लास से भर उठा। पूरे मार्ग में रंग-बिरंगे गुलाल उड़ते रहे और भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि गूंजती रही। परिक्रमा भुवनेश्वर तीर्थ पहुंची, जहां रुद्राष्टकम का पाठ हुआ। इसके बाद चामुंडा मंदिर में फूलों की होली और पारंपरिक गीतों पर नृत्य का आयोजन किया गया। श्रद्धालु फिर क्षेमनाथ धाम और नैमिषारण्य तीर्थ पहुंचे, जहां बाबा बालयोगी दीनानाथ जी महाराज ने आरती संपन्न कराई। अंत में परिक्रमा चंद्रेश्वर तीर्थ पहुंची, जहां भगवान शिव को रंग और पुष्प अर्पित कर मंगलकामनाएं की गईं। पूरे आयोजन में महंत रामचंद्र गिरी महाराज सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। फाल्गुन उत्सव ने संभल को एक दिन के लिए सचमुच वृंदावन की अनुभूति करा दी। इस दौरान महंत रामचंद्र गिरी महाराज, राजकुमार शर्मा, जसपाल सिंह, विकास वर्मा, ऋषभ, भूकेंद्र सारस्वत, संजीव शुक्ला, राहुल शर्मा, शोभित गुप्ता, अमित शुक्ला, जसपाल सिंह, सौरभ गुप्ता, धर्मेंद्र ठाकुर, रामगोपाल शर्मा, दीपक कुमार, राकेश वार्ष्णेय, सरिता गुप्ता, अरविंद प्रजापति, सुनीता यादव, नीतू माथुर आदि मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।