5523 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा

हिन्दुस्तान, संभल
Follow us on Google News
share

उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा 13 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। 27936 में से 22463 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। मौसम की उमस के बावजूद अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी, और जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

5523 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा

उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा बुधवार को जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, पहचान पत्रों का सत्यापन तथा स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। डीएम-एसपी ने भी केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा के इंतजाम परखे। जिले में पंजीकृत 27936 में से 22463 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 5523 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहले दिन सोमवार को जिले के सभी केंद्रों पर पंजीकृत 9312 में से 7419 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1893 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरे दिन मंगलवार को भी दोनों पालियों में पंजीकृत 9312 में से 7483 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 1829 ने परीक्षा छोड़ी। बुधवार को भी सभी केंद्रों परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली में पंजीकृत 4656 अभ्यर्थियों में से 3788 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 918 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 4656 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3773 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 883 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 9312 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7561 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। जबकि 1801 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। कुल मिलाकर तीनों दिन सभी छल पालियों में पंजीकृत 27936 अभ्यर्थियों में से 22463 ने परीक्षा दी जबकि 5523 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। केंद्रों के आसपास पुलिस बल की तैनाती रही तथा प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखी गई.

डीएम-एसपी ने संभाली कमान, चाक-चौबंद सुरक्षा में सकुशल संपन्न हुई परीक्षा

संभल। उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरे दिन मुस्तैद रहा। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने आचार्य मुक्तेश हकीम रईस सरस्वती इंटर कॉलेज, शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज, हिन्द इंटर कॉलेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया, प्रवेश व्यवस्था तथा यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय घटना होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा.

उमस ने बढ़ाई अभ्यर्थियों की मुश्किलें

संभल। पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान बुधवार को उमस भरी गर्मी ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की परीक्षा भी ले ली। सुबह से ही मौसम में उमस और गर्मी का असर देखने को मिला, जिसके चलते परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद युवाओं का उत्साह और नौकरी पाने का जज्बा कम नहीं हुआ। परीक्षा केंद्रों के बाहर प्रशासन की ओर से पेयजल और धूप से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। केंद्रों के बाहर छायादार स्थानों और पानी की व्यवस्था से अभ्यर्थियों को कुछ राहत मिली, लेकिन उमस भरे मौसम के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी कतारों में नजर आए। वहीं, परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के साथ पहुंचे परिजन भी पूरे समय पार्कों, दुकानों के आसपास तथा नगर पालिका मैदान में बैठकर परीक्षा समाप्त होने का इंतजार करते रहे.

परीक्षा का स्तर सामान्य से थोड़ा कठिन रहा

परीक्षा का स्तर सामान्य से थोड़ा कठिन रहा। गणित के कुछ प्रश्नों ने काफी समय लिया, जिससे शुरुआत में परेशानी हुई। करंट अफेयर्स के सवाल रोचक और समसामयिक थे। कुल मिलाकर पेपर हमारी तैयारी के अनुरूप आया और उम्मीद है कि अच्छा प्रदर्शन रहा है.

खुशबू,मुरादाबाद।

रीजनिंग सेक्शन में कुछ प्रश्न काफी घुमावदार थे, जिन्हें हल करने में समय लगा। हालांकि नियमित अभ्यास की वजह से अधिकांश प्रश्न हल कर सकी। करंट अफेयर्स और सामान्य ज्ञान के प्रश्न अच्छे थे। पेपर संतुलित रहा और तैयारी करने वालों के लिए बेहतर अवसर था.

प्रभा,रामपुर।

गणित के कई सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया, लेकिन अन्य विषय अपेक्षाकृत आसान रहे। परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाएं भी अच्छी थीं। मैंने अधिकांश प्रश्नों के उत्तर दिए हैं। कुल मिलाकर प्रश्नपत्र न तो बहुत कठिन था और न ही बहुत आसान, बल्कि संतुलित था.

मीनाक्षी,ठाकुरद्वारा।

पेपर देखकर शुरुआत में थोड़ा तनाव हुआ, क्योंकि रीजनिंग और गणित में कुछ नए प्रकार के प्रश्न थे। लेकिन धीरे-धीरे आत्मविश्वास बढ़ा और प्रश्न हल होते गए। करंट अफेयर्स का हिस्सा काफी अच्छा लगा। मेरी तैयारी के हिसाब से पेपर ठीक रहा और चयन की उम्मीद है.

सोनिया भारती, मुरादाबाद।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

परीक्षा में कितने अभ्यर्थियों ने भाग लिया?
कुल 22463 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsSambhal News5523 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा