यम तीर्थ-सिंदूर वाटिका की भव्यता देख हुए अभिभूत
Sambhal News - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संभल में ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने यम तीर्थ के विकास कार्यों को सराहा और नगर पालिका के प्रयासों की प्रशंसा की। सिंदूर वाटिका में राफेल विमान की प्रतिमा ने भी उनका ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय लोगों ने उपमुख्यमंत्री के दौरे का स्वागत किया।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सोमवार को जनपद के एक दिवसीय दौरे पर संभल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। संभल के प्राचीन तीर्थ स्थलों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण को देखकर डिप्टी सीएम ने खुशी जताई और नगर पालिका द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। दोपहर में उपमुख्यमंत्री सबसे पहले ऐतिहासिक यम तीर्थ पहुंचे। बीते कुछ समय से नगर पालिका द्वारा संभल के प्रमुख धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास का कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में यम तीर्थ को भी नए स्वरूप में विकसित किया गया है। तीर्थ परिसर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे अब यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिल रहा है। डिप्टी सीएम ने पूरे तीर्थ परिसर का निरीक्षण किया और वहां किए गए विकास कार्यों को बारीकी से देखा। नगर पालिका प्रशासन की ओर से यम तीर्थ के पुराने और वर्तमान स्वरूप को दर्शाने के लिए विशेष फोटो प्रदर्शनी लगाई गई थी। प्रदर्शनी में जीर्णोद्धार से पहले की जर्जर स्थिति और अब विकसित एवं आकर्षक स्वरूप की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। उपमुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी को ध्यानपूर्वक देखा और बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर नगर पालिका के ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने उपमुख्यमंत्री को विकसित यम तीर्थ का विस्तृत मानचित्र भेंट किया। उन्होंने तीर्थ के विकास कार्यों, सौंदर्यीकरण योजनाओं और भविष्य की परियोजनाओं की जानकारी भी दी.
सिंदूर वाटिका में राफेल देख गदगद हुए डिप्टी सीएम
संभल। यम तीर्थ के निरीक्षण के बाद उपमुख्यमंत्री शहर के तिवारी सराय स्थित सिंदूर वाटिका पहुंचे। यहां बनाई गई आकर्षक कलाकृतियों और देशभक्ति से प्रेरित प्रतीकों ने उनका ध्यान खींचा। वाटिका में स्थापित राफेल विमान की प्रतिमा और शेर की भव्य आकृति को देखकर वह काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने इन कलात्मक संरचनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सकारात्मक सोच को भी प्रेरित करते हैं। सिंदूर वाटिका में हरियाली, सजावटी पौधों और आकर्षक डिजाइनिंग को देखकर डिप्टी सीएम ने नगर पालिका की कार्यशैली की प्रशंसा की। स्थानीय लोगों में भी उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उत्साह दिखाई दिया और लोगों ने विकास कार्यों पर संतोष जताया। इस दौरान चौधरी हरेंद्र सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, नगर पालिका के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही.
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


