सुबह में बारिश व कोहरे से ठिठुरे लोग, दोपहर बाद धूप से मिली राहत

Feb 02, 2026 01:46 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संभल
share

Sambhal News - - लगातार बदले मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें, बारिश-तेज हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त लगातार बदले मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें, बारिश-तेज हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त -

सुबह में बारिश व कोहरे से ठिठुरे लोग, दोपहर बाद धूप से मिली राहत

जनपद में बीते कई दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार देर रात अचानक शुरू हुई बारिश तेज हवा के साथ रविवार सुबह करीब 10:30 बजे तक जारी रही। बारिश के साथ छाए घने कोहरे और तेज सर्द हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। ठंड में बढ़ोतरी से लोग ठिठुरते नजर आए। वहीं, खराब मौसम के चलते सड़क और बाजारों की रफ्तार भी थम सी गई। रविवार को अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। रविवार सुबह बारिश और कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही। जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

सड़कों पर वाहन कम नजर आए और जो वाहन चले भी वह धीमी गति से चलते दिखाई दिए। कई स्थानों पर लोग दिन में भी वाहनों की लाइट जलाकर सफर करते नजर आए। खराब मौसम के कारण सुबह के समय बाजार देर से खुले। जबकि दोपहर तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते दिखे, लेकिन मौसम की मार के कारण खरीदार कम ही बाहर निकले। तेज हवा और बारिश ने ठंड को और बढ़ा दिया। जिससे बुजुर्गों, बच्चों और कामकाजी लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव और हीटर का सहारा लेते नजर आए। खेतों में काम करने वाले मजदूरों और किसानों को भी काम रोकना पड़ा। जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हुआ। वहीं ग्रामीण इलाकों में बारिश की वजह से सड़कों पर कीचड़ फैल गई व कई स्थानों पर जलभराव हो गया। ऐसे में लोगों को कीचड़ भरे रास्तों से गुजरना पड़ा। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भोर से शुरू हुई बारिश की वजह से कामकाजी लोग काम पर देर से पहुंचे। बारिश, कोहरे की वजह से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग परेशानियों का सामना करते दिखाई दिए। आलू की खुदाई पर लगा ब्रेक संभल। बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। संभल इलाके में इस समय आलू की खुदाई का काम जोरों पर चल रहा है, लेकिन बारिश के कारण खुदाई का काम पूरी तरह ठप हो गया। किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में नमी बढ़ गई है। जिससे आलू खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं सरसों की फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसानों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहा तो आलू और सरसों दोनों फसलों में भारी नुकसान हो सकता है। जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। बदलते मौसम से लोगों की सेहत पर पड़ रहा असर संभल। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जिला अस्पतालों और निजी चिकित्सालयों में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। खासकर बच्चों में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और निमोनिया के मामले सामने आ रहे हैं। डॉ. हसमुद्दीन ने बताया कि अचानक मौसम में हो रहे बदलाव के कारण वायरल संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, गर्म कपड़े पहनें और बदलते मौसम में लापरवाही न बरतें। खान पान पर विशेष ध्यान रखें। किसी प्रकार की परेशानी होने पर चिकित्सक से सलाह लें। तेज हवा और बारिश कुछ स्थानों पर गुल रही बिजली संभल। तेज हवा और लगातार बारिश के चलते कुछ ग्रामीण इलाकों में देर रात से सुबह तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। अचानक बिजली गुल होने से गांवों में अंधेरा छा गया। जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश और तेज झोंकों के कारण फाल्ट आ गए। जिससे आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली न होने के कारण घरों में लगे पंखे, हीटर, पानी की मोटर और अन्य बिजली से चलने वाले उपकरण पूरी तरह जवाब दे गए। ठंड और उमस के बीच लोग रातभर जागने को मजबूर रहे। कई गांवों में मोबाइल फोन चार्ज न होने से संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई। जिससे लोगों को अपनों से संपर्क करने में दिक्कत हुई। विद्युत विभाग की टीमें फाल्ट तलाशने और लाइन दुरुस्त करने में जुटी रहीं। विभाग की टीमों ने कड़ी मश्क्कत के बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।