ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत, पुलिस पहुंची
Sambhal News - अलीगढ़-मुरादाबाद रेल मार्ग पर एक ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय भगवानदास की मौत हो गई। वह खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार घरेलू कलह की बात सामने आई है, और मामले की जांच चल रही है।

अलीगढ़-मुरादाबाद रेल मार्ग पर बहजोई-धनारी के बीच गांव जैतपुर की मढैय्या के निकट सोमवार की दोपहर इंजन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। मृतक की शिनाख्त कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरूआ निवासी 50 वर्षीय भगवानदास पुत्र चौधरी मुरली सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि भगवानदास खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे इंद्रपाल (20), सत्यप्रकाश (18) और मुनेश (16)-तथा एक 14 वर्षीय बेटी है।
एक बेटे की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली प्रभारी संत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैसेंजर ट्रेन से कटने का प्रतीत हो रहा है। वहीं चौकी प्रभारी आकाश कुमार के अनुसार परिजनों से पूछताछ में घरेलू कलह की बात सामने आई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


