
रोडवेज बस ने दो लोगों को रौंदा, एक की मौत
Sambhal News - मेरठ-बदायूं हाईवे पर बैरपुर महराजी बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में रामचरन की मौके पर मौत हो गई, जबकि शमीम गंभीर रूप से घायल हो गया। बस चालक फरार हो गया...
मेरठ-बदायूं हाईवे पर बैरपुर महराजी बस स्टैंड के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया। बस चालक मौका पाकर बस लेकर फरार हो गया। पुलिस बस चालक की तलाश कर रही है। ढंढूमरा गांव निवासी रामचरन (35) पुत्र भूरे सिंह शुक्रवार सुबह हाईवे पार कर रहा था। उसी समय बदायूं जनपद के जरीफनगर थाना क्षेत्र के दहगवां निवासी शमीम पुत्र शहजाद अपनी बाइक में पंचर जुड़वाने के लिए हाईवे किनारे स्थित चतुरी सिंह की दुकान पर खड़ा था।

इसी दौरान बदायूं की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दोनों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में रामचरन गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिरकर तड़पने लगा, जबकि शमीम को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही बैरपुर महराजी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जुनावई सीएचसी भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने रामचरन को मृत घोषित कर दिया, जबकि शमीम को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जुनाबई थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी ने बताया कि मृतक परिवार की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




