दिल्ली से लौटते समय संभल के दो सगे भाइयों की बाइक डिवाइडर से टकराई, मौत, परिवार में मचा कोहराम

Feb 21, 2026 12:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संभल
share

Sambhal News - दिल्ली से घर लौटते समय संभल के दो भाई एनएच-9 हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गए। उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई और वे पूरी रात घायल अवस्था में पड़े रहे। सुबह राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां छोटे भाई की मौत तुरंत हो गई और बड़े भाई ने एक सप्ताह बाद दम तोड़ दिया। परिवार में शोक का माहौल है।

दिल्ली से लौटते समय संभल के दो सगे भाइयों की बाइक डिवाइडर से टकराई, मौत, परिवार में मचा कोहराम

दिल्ली से घर लौट रहे संभल के दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मेरठ के एनएच-9 हाईवे पर उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों भाई पूरी रात सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे। शनिवार सुबह राहगीरों की नजर पड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान पहले छोटे भाई और एक सप्ताह बाद बड़े भाई ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान थाना बहजोई क्षेत्र के गांव पंवासा निवासी सुनील वाल्मीकि (28) और अनिल वाल्मीकि (25) पुत्र पप्पू कुमार के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों भाई दिल्ली में रहकर काम करते थे।

बीएलओ द्वारा जारी एसआईआर नोटिस के निस्तारण के लिए उन्हें एक फॉर्म जमा करना था, जिसकी अंतिम तिथि 14 फरवरी थी। इसी सिलसिले में वे 13 फरवरी की देर रात बाइक से दिल्ली से अपने गांव लौट रहे थे। जनपद मेरठ के थाना प्रतापपुर क्षेत्र स्थित एनएच-9 हाईवे पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी रात वे सड़क किनारे तड़पते रहे। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें देखा और अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने करीब एक घंटे के इलाज के बाद अनिल वाल्मीकि को मृत घोषित कर दिया था, जबकि बड़े भाई सुनील का इलाज चलता रहा। हालत नाजुक बनी रहने के कारण लगभग एक सप्ताह बाद उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों जवान बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है और अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। परिजनों ने सड़क सुरक्षा और हाईवे पर रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।