पांच दिन पहले सड़क हादसे में घायल दंपति की मौत मामले में टेंपो चालक पर मुकदमा दर्ज
मेरठ-बदायूं हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में दंपति सोमवीर सिंह और मंगों देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। तेज रफ्तार टैंपो चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मारी थी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है और पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मेरठ-बदायूं हाईवे पर पांच दिन पहले हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल दंपति की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर आरोपी टैंपो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना धनारी क्षेत्र के गांव लहरा भूड़ निवासी सोमवीर सिंह अपनी पत्नी मंगों देवी के साथ 18 मई को थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव दांदरा से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि शाम के समय मेरठ-बदायूं हाईवे पर तेज रफ्तार टैंपो चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 19 मई को मंगों देवी की मौत हो गई, जबकि अगले दिन पति सोमवीर सिंह ने भी दम तोड़ दिया। दंपति की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बेटे अमरपाल की तहरीर पर थाना पुलिस ने आरोपी टैंपो चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक दंपति अपने पीछे तीन बेटे रामकेश, अमरपाल और देवेंद्र तथा दो बेटियां देवश्री और रिंकी को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारियां अब बच्चों के कंधों पर आ गई हैं। बताया जा रहा है कि दो बेटियों और दो बेटों रामकेश व देवेंद्र की अभी शादी भी नहीं हुई है। माता-पिता की अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


