सड़क हादसे में घायल युवक की नौ दिन बाद मौत, परिवार में मचा कोहराम
Sambhal News - थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। 21 वर्षीय जीतपाल उर्फ जीतू को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटना की जानकारी ली है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र में नौ दिन पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अलीगढ़ अस्पताल में ही मृतक का पीएम हुआ है। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गए हैं। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मेरठ-बदायूं हाईवे पर गांव दुवारी पेट्रोल पंप के पास बीते एक जनवरी को बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया था। घायलों में दुवारी कलां गांव निवासी जीतपाल उर्फ जीतू (21) पुत्र शिशुपाल और रोहित (22) पुत्र किशन पाल शामिल थे। दोनों युवक बाइक से बैरपुर से अपने गांव दुवारी कलां लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हायर सेंटर रेफर किए जाने के बाद जीतपाल उर्फ जीतू को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे भाई विवेक, बहन अर्चना, मां रामवती और पिता को शोक में डूबा हुआ छोड़ गया है। घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


