
झोलाछाप के इलाज से मासूम की मौत, परिजनों ने क्लीनिक पर किया हंगामा
Sambhal News - कैलादेवी थाना क्षेत्र के सौंधन मोहम्मदपुर गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से एक छह साल की बच्ची की मौत हो गई। इलाज के दौरान बच्ची की हालत बिगड़ी और उसकी सांसें रुक गईं। परिजनों ने हंगामा किया और उचित कार्रवाई की मांग की। क्लीनिक संचालक मौके से फरार हो गया।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के सौंधन मोहम्मदपुर गांव में मंगलवार को झोलाछाप द्वारा गलत इलाज के कारण एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन गुस्से में शव रखकर क्लीनिक पर हंगामा करने लगे और उचित कार्रवाई की मांग करने लगे। अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र निवासी कुंवर सिंह अपनी पत्नी के साथ अपनी छह साल की बेटी को बीते कई दिनों से बुखार होने के कारण इलाज के लिए गांव स्थित झोलाछाप की क्लीनिक पर लाए थे। क्लीनिक संचालक द्वारा बच्ची का इलाज शुरू करने के कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। अचानक मासूम की सांस रुक गई और शरीर ठंडा पड़ गया।
परिजन उसे बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। मासूम की मौत के बाद परिजनों ने क्लीनिक संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया। क्लीनिक संचालक मौके से फरार हो गया। देर शाम तक परिजनों और संचालक के बीच समझौते के प्रयास जारी रहे। बच्ची के पिता कुंवर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी को कई दिनों से बुखार था और दवाइयों के बावजूद उसे राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि गलत इलाज की वजह से उनकी बच्ची की जान चली गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम या अन्य कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया और बच्ची के शव को घर वापस ले गए। क्लीनिक के आगे मेडिकल स्टोर व लैब भी संचालित की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




