घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम नाले में गिरी, मौत
शुक्रवार को मोहर्रम के जश्न के दौरान, दो वर्षीय बच्ची हुमैरा खेलते-खेलते नाले में गिर गई। काफी देर तलाश के बाद परिजनों ने उसे नाले से निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हुमैरा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

कस्बे में शुक्रवार को मोहर्रम की चहल-पहल के बीच घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम बच्ची नाले में गिर गई। काफी देर तक तलाश के बाद परिजनों ने उसे नाले से निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इकलौती बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मूल रूप से जुनावई थाना क्षेत्र के गांव काशीपुर निवासी यूनूस परिवार सहित गुन्नौर के मोहल्ला टंकी और मोहल्ला सराय की सीमा पर किराये के मकान में रहते हैं। शुक्रवार को उनकी दो वर्षीय पुत्री हुमैरा घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह खेलते-खेलते पास से गुजर रहे नाले के करीब पहुंच गई और उसमें गिर गई।
उस समय परिवार के कुछ सदस्य घर पर थे, जबकि कई रिश्तेदार और परिजन मोहर्रम के मेले में गए हुए थे। कुछ देर बाद जब हुमैरा घर में दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास काफी खोजबीन के बाद बच्ची नाले में पड़ी मिली। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटी को खोने के गम में मां साइन बेसुध हो गई जबकि पिता यूनूस और अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई कराए बिना ही बच्ची के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


