Sambhal News: यमों के उल्लंघन पर 353 वाहनों पर कार्रवाई, 7.47 लाख रुपये का जुर्माना
Sambhal News: तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी पर चला अभियान, 3 वाहन सीज और 15 अवैध पायदान हटवाए

Sambhal News: यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शुक्रवार को संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। शुक्रवार को चलाए गए अभियान में कुल 353 वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई की गई, जबकि 7 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान से वाहन चालकों में खलबली मची रही। यातायात प्रभारी जगरोशन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान इंटरसेप्टर मोटरसाइकिल की मदद से तेज रफ्तार वाहन चालकों पर नजर रखी गई। तेज गति से वाहन चलाने के मामले में 107 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग करने वाले टेंपो और ई-रिक्शा के खिलाफ 30 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
इनके अलावा टेंपो और ई-रिक्शा में अनधिकृत रूप से लगाए गए 15 पायदान हटवाए गए। यातायात नियमों के उल्लंघन पर तीन वाहनों को सीज किया गया। यातायात प्रभारी ने चौधरी सराय में एक अवैध टैक्सी और बबराला में एक ऑटो को सीज किया। वहीं, बिना नंबर प्लेट वाले डंपर पर दोषपूर्ण नंबर प्लेट के मामले में चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की।

