
हीरापुर गुन्नौर में एक ही रात तीन जगह चोरी, गांव में दहशत का माहौल
Sambhal News - गुन्नौर, संवाददाता। बबराला थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर गुन्नौर में बुधवार रात चोरों ने एक ही रात दो नहीं बल्कि तीन जगह वारदात को अंजाम देकर पूरे गां
बबराला थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर गुन्नौर में बुधवार रात चोरों ने एक ही रात दो नहीं बल्कि तीन जगह वारदात को अंजाम देकर पूरे गांव में खौफ और दहशत का माहौल बना दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। पहली घटना में ललतेश पुत्र भौंदी सिंह के घेर में खड़े ट्रैक्टर की बैटरी चोर उड़ा ले गए। सुबह जब परिजन उठे तो ट्रैक्टर की बैटरी गायब मिलने पर हड़कंप मच गया। इसके बाद सामने आई वीरेश के घर चोरी की दूसरी घटना।
चोर रात में परिजनों के बरामदे में सोने का फायदा उठाकर कमरे में नकब लगाकर बक्सा उठा ले गए। बक्से में रखे दो जोड़ी चांदी की पाजेब, सोने की बाली, एक मंगलसूत्र और 16 हजार रुपये नकद चोर ले उड़े। इसी रात तीसरी चोरी संजय के घर में हुई, जहां घर में अकेली सो रही उनकी पत्नी भूरी को किसी बात का आभास भी न हुआ। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और कमरे की अलमारी व बक्सा खंगाल कर तीन जोड़ी चांदी की पाजेब, 30 हजार रुपये नकद और मोबाइल लेकर फरार हो गए। लगातार तीन वारदातों से गांव में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते महीनों में चोरी की घटनाओं में तेजी आई है, लेकिन अभी तक किसी भी मामले में पुलिस नतीजे नहीं दे पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त न होने से चोर बेखौफ हो गए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश में टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। गांव में एक ही रात तीन चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा बढ़ाने और गांव में रात्रि गश्त कराने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




